पटना में फर्जीवाड़ा : आधार सुधार करने के नाम पर करोड़ों की ठगी, 22 गिरफ्तार
पटना: पटना पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है. आधार कार्ड में सुधार के नाम पर लोगों से ठगी कर रहे तीन फर्जी कॉल सेंटरों पर साइबर पुलिस और आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने एक साथ छापेमारी की.इस कार्रवाई में कुल 22 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं. जिनमें से 15 महिलाएं और 7 पुरुष शामिल हैं. गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने सगुना मोड़ रूपसपुर इलाके में कार्रवाई की है.
रेड के दौरान भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए. इसके अलावा कई फर्जी दस्तावेज और डाटा फाइल भी बरामद किए गए.साइबर डीएसपी संगीता ने बताया कि यह गिरोह IRCTC से डाटा डाउनलोड करता था. ये सभी साइबर ठग साइबर कैफे और आम लोगों को कॉल पर आधार सेंटर का कर्मचारी बताता था. फोन पर आधार कार्ड में सुधार करने के नाम पर लिंक और ओटीपी लेकर अकाउंट से पूरा पैसा खाली कर दिया जाता था.कॉल के माध्यम से जाल में फंसाने का काम लड़कियां करती थीं, इसके लिए इन लड़कियों को 8 से 10 हजार रुपये सैलरी दी जाती थी. जबकि, पीछे बैठे अन्य लोग बैंक डिटेल्स और ट्रांजेक्शन संभालते थे.
पुलिस के मुताबिक यह फर्जी कॉल सेंटर पिछले डेढ़ साल से सक्रिय था. इन्होंने अब तक कई लोगों से करोड़ों की ठगी कर चुकी है.हालांकि, मुख्य सरगना अब भी पुलिस की गिरफ्त से फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. ऐसे मामले परपुलिस का साफ संदेश है किसाइबर अपराध करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा. नेटवर्क कितना भी बड़ा क्यों न हो, कानून की पकड़ से नहीं बच पाएगा.