Hindi News / लोन, ATM PIN और क्रेडिट कार्ड के नाम पर ठगी करने के आरोप...

पटना में साइबर ठगी का भंडाफोड़ : लोन, ATM PIN और क्रेडिट कार्ड के नाम पर ठगी करने के आरोप में 3 गिरफ्तार

Edited By:  |
patna mein cyber thagi ka bhandafod

पटना:राजधानी में साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सीसीएसयू (CCSU) की साइबर टीम और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने संगठित साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है. टीम ने दो पुरुष और एक महिला को गिरफ्तार कर लिया है, जो लोन दिलाने, एटीएम का PIN जनरेट कराने, एटीएम अप्रूवल, क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने और रिवॉर्ड प्वाइंट रिडीम कराने के नाम पर लोगों से ठगी किया करता था. पुलिस ने नवनीत नगर,रानीपुर मेहंदीगंज और अशोक नगर वार्ड संख्या-11, कंकड़बाग में छापेमारी कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों के पास सेकई मोबाइल, आधार कार्ड, एटीएम, सिम कार्ड और एक लैपटॉप बरामद किया है.

साइबर डीएसपी नीतीश चंद्र धारिया ने बताया कि तकनीकी जांच में आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर कई शिकायतें दर्ज मिली हैं. इसके अलावा देश के विभिन्न राज्यों से 400 से अधिक साइबर ठगी के मामले में जुड़े पाए गए हैं. जांच के दौरान गिरोह के दो अन्य सदस्यों की संलिप्तता भी सामने आई है. गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि सभी आरोपी मिलकर संगठित तरीके से साइबर अपराध को अंजाम देते थे और लोगों को विभिन्न बैंकिंग सेवाओं का झांसा देकर ठगी करते थे.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौरव राज, सपना कुमारी और निखिल कुमार (20 वर्ष) के रूप में हुई है. इनमें गौरव राज और सपना कुमारी हाजीपुर एवं नालंदा से, जबकि निखिल कुमार कंकड़बाग, पटना का निवासी बताया गया है. पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. वहीं, आरोपियों की निशानदेही पर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है.