पटना में ईशा देओल : बोलीं- बदलते बिहार और पटना को करीब से देखना चाहती हूं
पटना: हिन्दी सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री और अभिनेता धर्मेंद्र की बेटी ईशा देओल शनिवार को एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पटना पहुंचीं. पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने बिहार और राजधानी पटना की खुलकर तारीफ की.
ईशा देओल ने बताया कि एयरपोर्ट पर पर्यटन विभाग के स्टॉल को देखने का मौका मिला,जहां बिहार के प्रमुख पर्यटन स्थलों और बदलते पटना की झलक दिखाई गई. उन्होंने कहा कि राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में किए जा रहे प्रयास काफी आकर्षक हैं और वह भविष्य में बिहार को और करीब से देखना चाहेंगी.
उन्होंने कहा कि उनकी मां हेमा मालिनी से जुड़ा एक फिल्मी गीत बिहार में फिल्माया गया था. अगली बार जब वह पटना आएंगी तो उस जगह पर जरूर जाना चाहेंगी और उससे जुड़ी यादों को करीब से महसूस करेंगी.
ईशा ने कहा कि उन्होंने पटना और बिहार के बारे में काफी कुछ सुना है,लेकिन अब वह यहां की संस्कृति,विरासत और ऐतिहासिक स्थलों को अपनी आंखों से देखना चाहती हैं. उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में बिहार पर्यटन के क्षेत्र में और बड़ी पहचान बनाएगा.
बिहार के खानपान का जिक्र करते हुए ईशा देओल ने कहा कि वह यहां की मशहूर डिश लिट्टी-चोखा का स्वाद जरूर चखना चाहेंगी. उन्होंने कहा कि स्थानीय भोजन किसी भी राज्य की संस्कृति को समझने का सबसे अच्छा माध्यम होता है.
उन्होंने पटना के लोगों के आतिथ्य और आत्मीयता की भी सराहना की और कहा कि उन्हें यहां आकर बेहद अच्छा महसूस हो रहा है. ईशा ने उम्मीद जताई कि जल्द ही उन्हें बिहार घूमने और यहां की खूबसूरती को करीब से देखने का अवसर मिलेगा.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--