पटना में भीषण गर्मी का कहर : 20 जून तक 5वीं तक की कक्षाएं स्थगित, जिलाधिकारी ने जारी किया आदेश
पटना: राजधानी पटना में लगातार पड़ रही भीषण गर्मी और लू को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों के संचालन को लेकर बड़ा फैसला लिया है. जिला दंडाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने आदेश जारी कर जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में 5वीं कक्षा तक की शैक्षणिक गतिविधियों को 20 जून तक स्थगित कर दिया है. यह आदेश प्री-स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी लागू होगा.
जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि जिले में अत्यधिक तापमान और हीट वेव की स्थिति बनी हुई है,जिससे बच्चों के स्वास्थ्य और जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है. इसी को ध्यान में रखते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS),2023 की धारा 163 के तहत यह कदम उठाया गया है.
हालांकि कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों की शैक्षणिक गतिविधियां पूरी तरह बंद नहीं रहेंगी. इन कक्षाओं का संचालन सुबह 10:30 बजे तक किया जा सकेगा. विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया गया है कि वे आदेश के अनुरूप अपनी समय-सारिणी में आवश्यक बदलाव करें और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करें.
प्रशासन का मानना है कि मौजूदा मौसम परिस्थितियों में बच्चों को गर्मी से बचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है. मौसम विभाग द्वारा अगले कुछ दिनों तक तापमान में विशेष राहत नहीं मिलने की संभावना जताई गई है. ऐसे में जिला प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है.
यह आदेश 15 जून से प्रभावी होकर 20 जून 2026 तक लागू रहेगा. प्रशासन ने सभी स्कूल प्रबंधनों से आदेश का सख्ती से पालन करने को कहा है.
पटना से अंकिता की रिपोर्ट--