Hindi News / तेल गोदाम में लगी भीषण आग,काबू पाने में लगी 8 घंटे से ज्यादा...

पटना के दीदारगंज में हादसा : तेल गोदाम में लगी भीषण आग,काबू पाने में लगी 8 घंटे से ज्यादा समय

Edited By:  |
patna k didarganj mein hadsa

पटना:राजधानी पटना के दीदारगंज थाना क्षेत्र स्थित करमलीचक के महुली रोड में रविवार देर रात एक खाद्य तेल गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। गोदाम में बड़ी मात्रा में डालडा, रिफाइंड और सरसों तेल का भंडारण किया गया था, जिसके कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।

22 दमकल की गाड़ियां आग पर पाया काबू

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राजधानी के विभिन्न फायर स्टेशनों से कुल 22 दमकल गाड़ियों को मौके पर लगाया गया। आग पर काबू पाने के लिए पूरी रात प्रयास जारी रहा, लेकिन तेल और वनस्पति पदार्थों के कारण आग बुझाने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

आग पूरी तरह बुझने के बाद विस्तृत जांच की जाएगी

फायर स्टेशन अधिकारी अजय कुमार शर्मा ने बताया कि तेल से लगी आग को नियंत्रित करने के लिए विशेष फोम कंपाउंड का भी इस्तेमाल किया गया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि आग पूरी तरह बुझने के बाद विस्तृत जांच की जाएगी।

गोदाम में रखे लाखों के सामान जलकर नष्ट

आग से गोदाम में रखे लाखों रुपये के सामान के जलकर नष्ट होने की आशंका है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार नुकसान 50 लाख रुपये से अधिक हो सकता है। राहत की बात यह रही कि गोदाम के बगल में स्थित ब्रेड फैक्ट्री को समय रहते सुरक्षित कर लिया गया, जिससे आग वहां तक नहीं पहुंच सकी।

किसी के हताहत होने की सूचना नहीं

अधिकारियों के अनुसार यह इलाका मुख्य रूप से वेयरहाउस क्षेत्र है, इसलिए किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि पिघले हुए वनस्पति तेल के सड़क पर फैल जाने से फिसलन की स्थिति उत्पन्न हो गई है। फिलहाल दमकल कर्मी आग पर पूरी तरह काबू पाने में जुटे हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।