पटना : 432 एकड़ की 3,631 लीज संपत्तियों को फ्रीहोल्ड करने पर आज मुहर संभव,मिल सकता है मालिकाना हक
पटना: हजारों संपत्ति धारकों के लिए गुरुवार का दिन अहम हो सकता है. पटना नगर निगम के अधीन लीज पर दी गई 3,631 संपत्तियों को फ्रीहोल्ड करने के प्रस्ताव पर आज निगम पर्षद की विशेष बैठक में चर्चा होगी. प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद इसे अंतिम स्वीकृति के लिए राज्य सरकार के पास भेजा जाएगा.
नगर निगम के अनुसार, इन संपत्तियों का कुल क्षेत्रफल करीब 432.07 एकड़ है. इनमें 1,367 भूखंड, 806 भवन, 841 फ्लैट, 575 दुकान और कियोस्क, 37 कार्यालय, चार अतिथिशाला और एक ईंट भट्ठा शामिल हैं. राजेंद्र नगर, श्रीकृष्णापुरी, पीआईटी कॉलोनी कंकड़बाग, मौर्य लोक, परिवहन नगर और बेऊर समेत कई इलाकों में ये संपत्तियां स्थित हैं.
इन संपत्तियों का बड़ा हिस्सा वर्ष 1960 से 1970 के बीच पटना उन्नयन न्यास और बाद में पीआरडीए की ओर से लीज पर आवंटित किया गया था. अब इन्हें फ्रीहोल्ड करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है.
प्रस्ताव के मुताबिक मूल आवंटी से संपत्ति के एमवीआर यानी न्यूनतम मूल्य रजिस्टर का 10 प्रतिशत परिवर्तन प्रभार लिया जाएगा.मूल आवंटी के अलावा अन्य आवंटियों से 12 प्रतिशत परिवर्तन प्रभार लेने का प्रस्ताव है.हालांकि,बैठक में इस शुल्क में बदलाव की संभावना भी है.
निगम के सामने कुछ कानूनी और नियम संबंधी मामले भी हैं. 11 आवंटियों ने बिना अनुमति लीज संपत्तियों की खरीद-बिक्री की है, जबकि म्यूटेशन से जुड़े नौ मामले न्यायालय में लंबित हैं.गौरतलब है कि 14 अगस्त की बैठक में अधूरे संलेख के कारण प्रस्ताव मंजूर नहीं हो पाया था. अब संलेख पूरा होने के बाद इसे विशेष बैठक में दोबारा रखा जा रहा है.
बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट