धनबाद के SNMMCH में बड़ी लारपरवाही : HIV पॉजिटिव गर्भवती का बिना सुरक्षा के किया गया ऑपरेशन,दोबारा रिपोर्ट में आया पॉजिटिव
धनबाद: सबसे बड़े सरकारी अस्पताल एसएनएमएमसीएच के स्त्री एवं प्रसव रोग विभाग में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है. आरोप है कि एक प्रसूता की शुरुआती HIV जांच रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद बिना विशेष सेफ्टी किट के उसका सिजेरियन ऑपरेशन कर दिया गया. इतना ही नहीं,उसी ऑपरेशन थिएटर में बाद में चार अन्य प्रसूताओं का भी ऑपरेशन किया गया, लेकिन बाद में दोबारा जांच कराने पर संबंधित प्रसूता की HIV रिपोर्ट पॉजिटिव आने से अस्पताल प्रबंधन, डॉक्टरों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएनएमएमसीएच अधीक्षक ने जांच के आदेश दिए हैं और दोषियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की बात कही है.
महिला के HIV पॉजिटिव होने की बात सामने आई
जानकारी के मुताबिक,बैंक मोड़ इलाके की रहने वाली एक प्रसूता को प्रसव पीड़ा के बाद पहले सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था. वहां सिजेरियन डिलीवरी की संभावना को देखते हुए विभिन्न जांच के साथ HIV टेस्ट कराया गया, जिसमें महिला के HIV पॉजिटिव होने की बात सामने आई.
SNMMCH मेंबिना सुरक्षा के किया गया सिजेरियन डिलीवरी
बताया जा रहा है कि सदर अस्पताल में आवश्यक सेफ्टी किट उपलब्ध नहीं होने के कारण महिला को सिजेरियन डिलीवरी के लिए एसएनएमएमसीएच रेफर कर दिया गया.एसएनएमएमसीएच पहुंचने के बाद महिला को गायनी विभाग में भर्ती किया गया. ऑपरेशन से पहले क्लिनिकल पैथोलॉजी लैब में दोबारा HIV जांच कराई गई,जिसमें रिपोर्ट निगेटिव बताई गई. इसी रिपोर्ट के आधार पर डॉक्टरों ने बिना विशेष सेफ्टी किट के महिला का सिजेरियन ऑपरेशन कर दिया. बताया जा रहा है कि इसके बाद उसी ओटी में चार अन्य प्रसूताओं का भी ऑपरेशन किया गया.
जांच में महिला की रिपोर्ट HIV पॉजिटिव आई
मामला उस समय गंभीर हो गया जब बाद में प्रसूता की फिर से HIV जांच कराई गई. इस बार आईसीटीसी में उपलब्ध किट से की गई जांच में महिला की रिपोर्ट HIV पॉजिटिव आई. रिपोर्ट सामने आते ही अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया.
इसके बाद एहतियातन प्रसूता के पति,सास-ससुर और माता-पिता के भी सैंपल जांच के लिए लिए गए हैं. सभी की रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है.
जांच रिपोर्ट में पहले निगेटिवआने की वजह को खंगाला जा रहा
बताया जा रहा है कि एसएनएमएमसीएच के आईसीटीसी केंद्र में HIV जांच के लिए राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन यानी नाको से उपलब्ध कराई गई किट का उपयोग किया जाता है.वहीं,क्लिनिकल पैथोलॉजी लैब में अन्य किटों से भी जांच की जाती है.मामले में अब जांच के दौरान यह भी देखा जाएगा कि शुरुआती जांच रिपोर्ट में निगेटिव आने की वजह क्या थी और किस स्तर पर चूक हुई.
जांच मेंदोषीपाए जाने पर होगीविभागीय कार्रवाई
इस पूरे मामले पर एसएनएमएमसीएच अधीक्षक डॉ.दिनेश कुमार गिंदौड़िया ने कहा कि HIV पॉजिटिव प्रसूता के ऑपरेशन से जुड़ी जानकारी मिली है. गायनी विभाग के इंचार्ज को मामले की जांच करने को कहा गया है. उन्होंने बताया कि प्रसूता के पति द्वारा HIV पॉजिटिव होने की जानकारी नहीं देने की बात भी सामने आई है.आखिर किन परिस्थितियों में सिजेरियन ऑपरेशन किया गया,इसकी जांच की जा रही है. जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी.





