Hindi News / सीएम सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट रहने का दिया निर्देश

नेपाल में फ्लैश फ्लड से बिहार में बढ़ा खतरा : सीएम सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट रहने का दिया निर्देश

Edited By:  |
nepal mai flesh flood se bihar mai badha khatara

पटना: नेपाल के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्र में फ्लैश फ्लड की स्थिति और गंडक नदी में अचानक जलप्रवाह बढ़ने की आशंका को देखते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की. पटना के लोक सेवक आवास स्थित‘संकल्प’सभागार में हुई बैठक में मुख्यमंत्री ने संबंधित जिलों के प्रशासन को पूरी तरह अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया.

मुख्यमंत्री ने कहा कि नेपाल में आई बाढ़ के पानी के बिहार पहुंचने की संभावना को देखते हुए संवेदनशील जिलों में विशेष सतर्कता बरती जाए. पश्चिमी चंपारण,पूर्वी चंपारण,गोपालगंज,सारण,मुजफ्फरपुर और वैशाली सहित गंडक नदी से जुड़े अन्य क्षेत्रों पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया गया.

सीएम ने सभी बांधों और तटबंधों की लगातार निगरानी करने तथा उनकी मजबूती और सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा. कमजोर हिस्सों की तत्काल पहचान कर आवश्यक कार्रवाई करने के साथ ही दिन-रात निगरानी और रात में विशेष नाइट पेट्रोलिंग कराने का निर्देश दिया.

संवेदनशील एवं प्रभावित इलाकों में लाउडस्पीकर और माइक के माध्यम से लोगों को लगातार सूचना और संभावित खतरे की चेतावनी देने को कहा गया,ताकि जरूरत पड़ने पर समय रहते लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा सके.

आपात स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तैनात रखने तथा जिला प्रशासन को इनके साथ समन्वय कर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रतिकूल परिस्थिति में लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी और राहत-बचाव में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

बैठक में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत,डीजीपी विनय कुमार,आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल समेत कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-