नशा करे घर का विनाश : पटना में BSAP के कलाकारों ने नशा मुक्ति को लेकर दिया जागरुकता का संदेश, लोगों ने सराहा
पटना: नशा मुक्ति को लेकर पटना में एक प्रभावशाली जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (BSAP)के कलाकारों ने सामाजिक संदेश पर आधारित नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति दी. यह कार्यक्रमNITघाट और गांधी मैदान में आयोजित किया गया.
नाटक का शीर्षक था– “नशा करे घर का विनाश”. कहानी दो दोस्तों के इर्द-गिर्द घूमती है,जो दोनों नशे के आदी होते हैं. समय के साथ एक दोस्त अपने परिवार की बात मानकर नशा छोड़ देता है,जबकि दूसरा दोस्त नशे की लत में डूबा रहता है.
नाटक में दिखाया गया कि जिसने नशा छोड़ दिया,उसके परिवार में खुशहाली लौट आती है. उसकी दोनों बेटियां पढ़-लिखकर अच्छी नौकरी हासिल करती हैं और परिवार सम्मानपूर्वक जीवन जीता है. वहीं,दूसरा दोस्त नशे की लत नहीं छोड़ पाता और गंभीर बीमारी की चपेट में आकर उसकी मौत हो जाती है. उसके बाद उसका परिवार सड़क पर आ जाता है और आर्थिक तंगी का सामना करता है.
कलाकारों ने अपने अभिनय के माध्यम से यह संदेश दिया कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं,बल्कि पूरे परिवार को बर्बाद कर देता है. कार्यक्रम को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे और संदेश को सराहा.
बीएसएपी के इस प्रयास को लोगों ने सराहते हुए कहा कि इस तरह के जनजागरूकता कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में अहम भूमिका निभाते हैं.
पटना से अंकिता की रिपोर्ट--