झारखंड सरकार का बड़ा कदम : BAU वेटरनरी छात्रों का स्टाइपेंड बढ़ा ढाई गुना,आर्थिक संकट से मिली राहत
रांची: बिरसा कृषि विश्वविद्यालय से संबद्ध शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है.कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की के प्रयासों से कॉलेज ऑफ वेटरनरी साइंस एंड एनिमल हसबैंड्री, कांके के इंटर्नशिप कर रहे विद्यार्थियों का स्टाइपेंड ₹6,000 से बढ़ाकर ₹15,000 प्रतिमाह कर दिया गया है. इस निर्णय का स्वागत करते हुए विद्यार्थियों ने मंत्री आवास पहुंचकर उनका अभिनंदन किया और आभार व्यक्त किया.
आर्थिक बाधाएं दूर होने पर पढ़ाई और प्रशिक्षण पर होगा फोकस
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि बिरसा कृषि विश्वविद्यालय से संबद्ध किसी भी संस्थान में अध्ययनरत छात्र की शिक्षा और प्रशिक्षण आर्थिक कारणों से प्रभावित न हो। सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर प्रशिक्षण के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है.विद्यार्थियों ने कहा कि स्टाइपेंड में बढ़ोतरी का यह फैसला उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण है. इससे उन्हें आर्थिक संबल मिलेगा और वे वित्तीय चिंताओं से मुक्त होकर अपने व्यावसायिक कौशल, व्यावहारिक प्रशिक्षण और शैक्षणिक विकास पर अधिक ध्यान केंद्रित कर सकेंगे. छात्रों ने इसे पशु चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक और छात्र हितैषी निर्णय बताया.
राष्ट्रीय और वैश्विक मानकों के अनुरूप होगा प्रशिक्षण
मंत्री के निर्देश पर इंटर्नशिप कर रहे विद्यार्थियों को राज्य सरकार के अधीन संचालित पशु चिकित्सालयों, पशु प्रक्षेत्रों तथा विभिन्न शोध एवं प्रशिक्षण संस्थानों में व्यावहारिक प्रशिक्षण का अवसर दिया जा रहा है. वहीं, कुछ विद्यार्थियों को भुवनेश्वर (ओडिशा) सहित राज्य के बाहर प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रशिक्षण का अवसर भी मिला है, जहां वे आधुनिक पशु चिकित्सा तकनीकों और उन्नत कार्यप्रणालियों का अनुभव प्राप्त कर रहे हैं. विद्यार्थियों ने कहा कि इंटर्नशिप कार्यक्रम को राष्ट्रीय एवं वैश्विक मानकों के अनुरूप विकसित करने की यह पहल भविष्य के पशु चिकित्सकों के लिए मील का पत्थर साबित होगी. इससे उन्हें वास्तविक परिस्थितियों में काम करने का अनुभव मिलेगा और पेशेवर चुनौतियों का सामना करने की क्षमता विकसित होगी.
विद्यार्थियों ने राज्य सरकार का जताया आभार
विद्यार्थियों ने राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार युवाओं की शिक्षा, प्रशिक्षण और रोजगार के अवसरों को मजबूत बनाने के लिए गंभीरतापूर्वक कार्य कर रही है. इस अवसर पर 2020 बैच के इंटर्नशिप विद्यार्थी राहुल शर्मा, कैथी तान्या टोप्पो, रिमिल बोदरा, दीपशिखा सुंडी, खुशबू कुमारी और रूपेश कुमार यादव उपस्थित थे. वहीं, झारखंड पशुचिकित्सक सेवा संघ ने भी इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि इससे राज्य में पशु चिकित्सा शिक्षा, प्रशिक्षण और सेवाओं की गुणवत्ता में व्यापक सुधार होगा.