Hindi News / जमशेदपुर में मलेरिया का प्रकोप: 2 और CRPF जवान अस्पताल में भर्ती, जिले...

JHARKHAND NEWS : जमशेदपुर में मलेरिया का प्रकोप: 2 और CRPF जवान अस्पताल में भर्ती, जिले में मिले 58 नए मरीज

Edited By:  |
jharkhand news

पूर्वी सिंहभूम में मलेरिया का खतरा लगातार बना हुआ है। शुक्रवार को दो और सीआरपीएफ जवानों को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें एक जवान में जांच के बाद मलेरिया की पुष्टि हुई है, जबकि दूसरे जवान को तेज बुखार और अन्य लक्षणों के आधार पर भर्ती किया गया है।वहीं, एक जवान की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर करने की तैयारी की जा रही थी।इससे पहले तीन जवानों को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिनमें से एक की मौत हो गई थी। लगातार सामने आ रहे मामलों के बाद सीआरपीएफ ने अपने कैंपों में स्वास्थ्य जांच, मच्छररोधी उपाय और निगरानी बढ़ा दी है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, गुरुवार को जिलेभर में 6,781 लोगों की मलेरिया जांच की गई। इनमें 6,436 रैपिड डायग्नोस्टिक टेस्ट (आरडीटी) और 345 स्लाइड जांच शामिल हैं।

जांच के दौरान 58 नए मरीजों में मलेरिया की पुष्टि हुई। इनमें 43 मरीज पी. फाल्सीपेरम (ब्रेन मलेरिया), 13 पी. विवैक्स और दो मिक्स संक्रमण के मरीज हैं।

पोटका में सबसे ज्यादा 22 मरीज मिले

सबसे अधिक 22 मरीज पोटका प्रखंड में मिले। इसके अलावा पटमदा में 9, घाटशिला और मुसाबनी में 7-7, दुमरिया में 6, सदर अस्पताल में 5, जबकि धालभूमगढ़ और जुगसलाई में एक-एक मरीज में संक्रमण की पुष्टि हुई। राहत की बात यह रही कि बहरागोड़ा, चाकुलिया, अर्बन मानगो और अर्बन बिरसानगर में कोई नया मरीज नहीं मिला।

जांच और दवा वितरण अभियान जारी

सिविल सर्जन डा साहिर पाल ने बताया कि मलेरिया प्रभावित क्षेत्रों में लगातार जांच, दवा वितरण और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। लोगों से अपील की गई है कि बुखार, ठंड लगना, सिरदर्द या कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं।साथ ही मच्छरदानी का उपयोग करें, घर के आसपास जलजमाव न होने दें और डाक्टर की सलाह के अनुसार पूरी दवा लें। लगातार सामने आ रहे मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में सर्विलांस और स्क्रीनिंग अभियान और तेज कर दिया है।