JHARKHAND NEWS : वासेपुर में अवैध आधार सेंटर सील; पैसे वसूल कर भराया जा रहा था SIR फॉर्म
धनबाद के वासेपुर से इस वक्त की एक बड़ी खबर आ रही है, जहाँ प्रशासन ने एक कथित [आधार केंद्र Omitted] पर बड़ी कार्रवाई की है। मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के नाम पर जनता से अवैध वसूली का एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसके बाद प्रशासनिक टीम ने छापेमारी कर इस केंद्र को तुरंत सील कर दिया है।पूरा मामला वासेपुर के कमर मखदूमी रोड का है। यहाँ नूरी मस्जिद के पास चल रहे एक केंद्र पर एसडीएम लोकेश बारंगे के नेतृत्व में अचानक छापेमारी की गई। जांच में खुलासा हुआ कि यह केंद्र बिना किसी वैध अनुमति के चलाया जा रहा था। इतना ही नहीं, चुनाव से जुड़े विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर (SIR) फॉर्म भरवाने के नाम पर यहाँ आम लोगों से 50 से लेकर 100 रुपये तक वसूले जा रहे थे। प्रशासन ने मौके पर ही इसे सील कर दिया है और संचालक के खिलाफ कानूनी शिकंजा कस दिया है।
इस कार्रवाई पर बात करते हुए एसडीएम लोकेश बारंगे ने साफ कहा कि चुनाव जैसे महत्वपूर्ण और संवेदनशील कार्यों को कुछ कियोस्क और साइबर कैफे संचालकों ने कमाई का जरिया बना लिया है, जो कि पूरी तरह गैरकानूनी है। प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं, और जब टीम ने जाल बिछाकर जांच की, तो शिकायत बिल्कुल सही पाई गई। केंद्र संचालक के पास संचालन से जुड़े कोई भी जरूरी दस्तावेज नहीं मिले।प्रशासन ने इस मामले में स्थानीय लोगों से एक बेहद जरूरी अपील की है। अगर आपको एसआईआर फॉर्म भरने में कोई भी परेशानी आ रही है, तो किसी साइबर कैफे या दलाल के चक्कर में न पड़ें। सीधे अपने क्षेत्र के बीएलओ (BLO), सुपरवाइजर, वॉलंटियर या राजनीतिक दलों के अधिकृत बीएलए (BLA) से संपर्क करें। याद रखिए, गलत जानकारी दर्ज होने या अवैध तरीके से नाम जुड़वाने की कोशिश करने पर आपके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई हो सकती है।