JHARKHAND NEWS : बाबा बैजनाथ धाम में श्रावणी मेला 2026 का विधिवत शुभारंभ, इस बार AI तकनीक से होगी श्रद्धालुओं की मॉनिटरिंग
झारखंड के देवघर में दुनिया के सबसे बड़े आध्यात्मिक आयोजनों में से एक—विश्व प्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेले का आज भव्य और विधिवत उद्घाटन हो गया है। झारखंड-बिहार बॉर्डर स्थित दुम्मा में मंत्रियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर और फीता काटकर मेले का शुभारंभ किया।मेले के उद्घाटन से पहले दुम्मा बॉर्डर पर मंत्रियों और अधिकारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना की। बाबा बैद्यनाथ मंदिर के स्टेट पुरोहित श्रीनाथ महाराज ने बताया कि आज से सावन माह की शुरुआत हो गई है। पूर्णिमा के साथ शुरू हुए इस मेले के दौरान आज से बाबा बैजनाथ मंदिर में स्पर्श पूजा बंद कर दी गई है।देवघर डीसी सौरभ कुमार भुवानिया ने जानकारी दी कि इस बार श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ख्याल रखा गया है। मेला क्षेत्र में किसी भी शिकायत और उसके त्वरित निपटारे के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का उपयोग किया जाएगा। कांवरिया पथ पर मखमली बालू बिछाने के साथ-साथ पूरे देवघर को दुल्हन की तरह सजाया गया है ताकि शिवभक्तों को एक सुखद अनुभूति हो।मंत्री दीपिका सिंह पांडे ने कहा कि वह इसी क्षेत्र से आती हैं और बाबा बैजनाथ की असीम कृपा पूरे राज्य पर है। श्रद्धालुओं के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह चाक-चौबंद कर ली गई हैं।
मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि मेले के सफल संचालन के लिए अधिकारियों के साथ लगातार बैठकें की गई थीं। इस बार श्रद्धालुओं को अधिकतम सुविधाएं देने और AI तकनीक से मॉनिटरिंग करने पर विशेष जोर दिया गया है।मंत्रियों और अधिकारियों ने बाबा बैजनाथ से मेले के सफल और सुरक्षित संचालन की विशेष कामना की है। लाखों-करोड़ों कांवरियों के आगमन को लेकर देवघर में भक्ति का माहौल पूरी तरह परवान चढ़ चुका है।