JHARKHAND NEWS : JPSC विवाद: छात्रों से वार्ता में देरी के बीच सीएम की आपात बैठक, 4 बजे हो सकती है चर्चा
झारखंड की राजधानी रांची में जेपीएससी (JPSC) और जेएसएससी (JSSC) की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर जारी छात्र आंदोलन आज एक निर्णायक मोड़ पर है। राज्य सरकार और आंदोलनकारी छात्रों के बीच आज चौथे दौर की वार्ता होनी है। दोपहर 2 बजे का समय तय था, लेकिन फिलहाल बातचीत शुरू नहीं हो सकी है। आंदोलन कर रहे छात्रों का प्रतिनिधिमंडल स्टेट गेस्ट हाउस पहुंचने के लिए तैयार है, लेकिन सरकार की ओर से अभी तक मंत्री वहां नहीं पहुंचे हैं। जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने प्रोजेक्ट भवन में सभी मंत्रियों की एक आपात बैठक बुलाई है। इस वजह से चौथे दौर की यह वार्ता अब शाम 4 बजे के बाद ही संभव हो पाएगी। छात्र प्रतिनिधिमंडल फिलहाल सरकार के अगले संदेश का इंतजार कर रहा है। गौरतलब है कि छात्र लंबे समय से जयपाल सिंह स्टेडियम में जुटे हैं। उनकी मांगें स्पष्ट हैं—जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित धांधली की उच्च स्तरीय जांच, सीबीआई (CBI) से जांच की सिफारिश, संबंधित परीक्षाओं को रद्द करना और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शी एवं स्थायी सुधार। छात्रों का स्पष्ट कहना है कि उन्हें केवल मौखिक आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस और प्रभावी परिणाम चाहिए।
छात्रों द्वारा 'मुख्यमंत्री आवास घेराव' की चेतावनी के बाद सरकार ने बातचीत की यह पहल की है। इससे पहले तीन दौर की बातचीत हो चुकी है, जिसमें प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद 10 सदस्यीय छात्र प्रतिनिधिमंडल पर सहमति बनी थी।
आज की बैठक में सरकार की ओर से सुदिव्य कुमार सोनू, दीपिका पांडेय सिंह, संजय प्रसाद यादव और चमरा लिंडा शामिल हैं। वहीं, छात्रों का 10 सदस्यीय दल रविंद्र पासवान, पीयूष कुमार सिंह, रविंद्र कुमार रवि, कार्तिक सोरेन, राजेश प्रसाद, उमेश प्रसाद, शशांक कुमार, अंकित कुमार, आनंद कुमार और शालू कुमारी के नेतृत्व में अपनी बात रखेगा।कांग्रेस ने छात्रों से भरोसा बनाए रखने की अपील की है, लेकिन सवाल वही है—क्या आज की यह बैठक छात्रों के लिए न्याय का रास्ता खोलेगी, या यह भी केवल अगली तारीख मिलने तक सीमित रहेगी?