JHARKHAND NEWS : दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर दुमका में उमड़ी भीड़, बसंत सोरेन ने दोहराया- 'पूरा करेंगे गुरुजी का सपना
झारखंड के मसीहा और 'दिशोम गुरु' कहे जाने वाले स्वर्गीय शिबू सोरेन की मंगलवार को उनकी पहली पुण्यतिथि पर उनकी कर्मभूमि दुमका में उन्हें नम आंखों से याद किया गया। उनके पैतृक आवास पर एक विशेष श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जहां उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए समर्थकों का हुजूम उमड़ पड़ा।इस श्रद्धांजलि सभा में दुमका विधायक बसंत सोरेन और जामा विधायक डॉ. लुईस मरांडी समेत जेएमएम के कई वरिष्ठ नेता और भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने 'दिशोम गुरु' के चित्र पर माल्यार्पण कर अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम थीं। सभा में उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर गुरुजी के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं और श्रद्धांजलि व्यक्त की।सभा को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि अलग झारखंड राज्य के निर्माण और आदिवासियों-मूलवासियों के अधिकारों की रक्षा में शिबू सोरेन का योगदान अमूल्य और ऐतिहासिक है।
राज्य के लिए समर्पित थे गुरू जी
उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन 'जल, जंगल, जमीन' की लड़ाई और झारखंडी अस्मिता के सम्मान के लिए समर्पित कर दिया।इस मौके पर दुमका विधायक बसंत सोरेन ने कहा कि गुरुजी की शारीरिक अनुपस्थिति हमेशा खलेगी, लेकिन उनके दिखाए संघर्ष और आदर्श का मार्ग हमारा हमेशा मार्गदर्शन करता रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि हेमंत सोरेन सरकार गुरुजी के सपनों के अनुरूप एक समृद्ध और खुशहाल झारखंड बनाने के लिए निरंतर काम कर रही है।कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने गुरुजी के विचारों और सिद्धांतों को गांव-गांव तक पहुंचाने और झारखंड के स्वाभिमान को हमेशा बनाए रखने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन के दौरान खिजुरिया आवास का पूरा वातावरण बेहद भावुक बना रहा।