JHARKHAND NEWS : JPSC छात्र आंदोलन: बारिश के बीच भी डटे रहे अभ्यर्थी, सरकार को दी चेतावनी—'मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा संघर्ष
झारखंड की राजधानी रांची इन दिनों सुलग रही है! हाथ में तख्तियां, जुबान पर इंकलाब के नारे और आँखों में भविष्य को बचाने की जिद्द—ये तस्वीरें हैं उन हजारों युवाओं की, जो अपनी मेहनत के हक के लिए सड़कों पर उतर आए हैं।वजह है—जेपीएससी (JPSC) और जेएसएससी (JSSC) की परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही धांधलियां, पेपर लीक और भ्रष्टाचार! रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में राज्यभर के 24 जिलों से आए सैकड़ों छात्र अनिश्चितकालीन सत्याग्रह पर बैठ गए हैं। हजारीबाग में प्रशासन द्वारा रोक लगाए जाने के बाद, छात्र उबलते जोश के साथ राजधानी का रुख करने को मजबूर हुए हैं।आग में घी का काम किया है हाल ही में जारी हुए 'उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा' के परिणामों ने! छात्रों का साफ आरोप है कि यह रिजल्ट जल्दबाजी में और फिर से धांधली की नीयत से निकाला गया है। मौसम चाहे कितना भी खराब हो, तेज बारिश हो या धूप, छात्रों के हौसले डिगे नहीं हैं। वे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफे की मांग तक कर रहे हैं।छात्रों की मांगें बिल्कुल स्पष्ट हैं:
भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती: परीक्षाओं में पारदर्शिता लाई जाए।
कठोर कानून: भर्ती घोटालों में शामिल लोगों को कड़ी सजा देने के लिए सख्त कानून बने।
केंद्रीय जांच: पूरे मामले की CBI और ED से निष्पक्ष जांच कराई जाए।
छात्रों ने दो टूक चेतावनी दे दी है—यह किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य की लड़ाई है। जब तक जेपीएससी की कार्यप्रणाली में सुधार नहीं होगा, यह आंदोलन रुकने वाला नहीं है।सवाल यह है कि क्या झारखंड के इन युवाओं को न्याय मिलेगा या फिर उनकी आवाज को यूं ही अनसुना कर दिया जाएगा