JHARKHAND NEWS : बाबूलाल मरांडी समेत कई BJP नेताओं पर कांग्रेस का हमला, थाने में दर्ज कराई लिखित शिकायत
झारखंड की राजनीति से बड़ी खबर हे कि कांग्रेस और भाजपा के बीच तल्खी अब पुलिस थाने तक पहुंच गई है। भाजपा प्रदेश कार्यालय घेराव के दौरान हुई हिंसा, पत्थरबाजी और मारपीट को लेकर कांग्रेस ने भाजपा के शीर्ष नेताओं पर सीधा निशाना साधा है। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष कुमार राजा और वरिष्ठ नेता बंधु तिर्की की अगुवाई में अरगोड़ा थाने में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है.कांग्रेस का आरोप है कि 22 जुलाई को प्रेस वार्ता के जरिए 23 जुलाई के शांतिपूर्ण प्रदर्शन की पूर्व सूचना दी गई थी। लेकिन जैसे ही कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय के पास बैरिकेडिंग तक पहुंचे, वहां मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व नियोजित तरीके से हमला कर दिया। शिकायत पत्र के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों पर अंडे, पानी की बोतलें, सीमेंट के गोले और पत्थर बरसाए गए। इतना ही नहीं, लाठी-डंडों से भी हमला किया गया, जिसमें कई कांग्रेस कार्यकर्ता और रिपोर्टिंग कर रहे कुछ पत्रकार भी घायल हुए हैं।कांग्रेस ने इस पूरी हिंसा के लिए भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को जिम्मेदार ठहराया है। शिकायत में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, प्रतुल शाहदेव, अशोक बड़ाइक, योगेंद्र प्रताप सिंह, शशांक राज, रवि मुंडा समेत करीब एक दर्जन से अधिक नेताओं और कार्यकर्ताओं को नामजद किया गया है।
कांग्रेस का दावा है कि पूरी घटना पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी में हुई है और इसके वीडियो फुटेज मीडिया व सोशल मीडिया पर मौजूद हैं। पार्टी ने इन वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।