Hindi News / बिहार के 27 लाख बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, जानिए क्या है कारण

GOOD NEWS : बिहार के 27 लाख बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, जानिए क्या है कारण

Edited By:  |
good news

पटना:बिहार के बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. राज्यभर में बिजली दरों में किसी भी तरह की बढ़ोतरी नहीं की गई है और मौजूदा दरें ही लागू रहेंगी. बिजली कंपनियों की ओर से प्रति यूनिट 35 पैसे तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव दिया गया था, लेकिन बिहार विद्युत विनियामक आयोग ने इसे खारिज कर दिया.

राहत की बात करें तो शहरी घरेलू उपभोक्ताओं को 1.53 रुपये प्रति यूनिट तक फायदा होगा, जबकि ग्रामीण व्यवसायिक उपभोक्ताओं को 42 पैसे प्रति यूनिट और शहरी व्यवसायिक उपभोक्ताओं को 1.20 रुपये प्रति यूनिट तक सस्ती बिजली मिलेगी. कुल मिलाकर यह फैसला राज्य के लाखों उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत लेकर आया है.

आयोग के इस फैसले से करीब 27 लाख उपभोक्ताओं को सीधा फायदा मिलेगा. सुनवाई के दौरान आयोग ने बिजली कंपनियों के वित्तीय आंकड़ों का विश्लेषण किया और पाया कि कंपनियां पहले से मुनाफे में हैं. इसी आधार पर उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ डालना उचित नहीं है.

आयोग के अध्यक्ष आमिर सुबहानी की अध्यक्षता में हुई बैठक में सभी पक्षों की दलीलें सुनी गई.विस्तृत विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया गया है कि फिलहाल दरों में कोई वृद्धि नहीं की जाएगी. इस फैसले को उपभोक्ता हित में बड़ा कदम माना जा रहा है.

एक और महत्वपूर्ण बदलाव के तहत अब शहरी और ग्रामीण घरेलू उपभोक्ताओं के लिए बिजली दरें समान कर दी गई हैं. पहले दोनों के लिए अलग-अलग दरें थीं,जिससे असमानता बनी हुई थी. अब एक समान दर लागू होने से उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी.

इसके अलावा, घरेलू उपभोक्ताओं के लिए स्लैब सिस्टम को भी सरल बनाया गया है. पहले जहां दो स्लैब थे, अब उसे घटाकर एक कर दिया गया है. इससे बिलिंग प्रक्रिया आसान और पारदर्शी बनेगी.