डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का बड़ा बयान : बोले-बिहार की जनता ने राजद को हरा दिया, जो लोग राजद में गुलामी काटने बैठे, वो गुलामी कटते रहे
पटना: बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राजद नेता तेजस्वी प्रसाद यादव पर जमकर निशाना साधा है. उन्होंने कहा है कि राजद में लोकतंत्र का कोई स्थान नहीं है और पार्टी केवल लालू यादव के पुत्र मोह के इर्द गिर्द सिमट कर रई गई है. उन्होंने राजद के कार्यकर्ताओं की तुलना गुलामों से करते हुए पार्टी के भविष्य पर भी सवाल उठाए.
सम्राट चौधरी ने तेजस्वी यादव को राजद का कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर तंज कसते हुए कहा है कि लालू प्रसाद का पुत्र-प्रेम इतना गहरा था कि उन्होंने अपने बेटे को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बना दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि राजद में आंतरिक लोकतंत्र की कमी है और जो लोग वहां टिके हुए हैं,वे केवल गुलामी कर रहे हैं. उनके अनुसार पार्टी में योग्यता के बजाए पारिवारिक संबंधों को प्राथमिकता दी जाती है.
उपमुख्यमंत्री ने बिहार विधानसभा चुनावों के परिणामों का जिक्र करते हुए कहा कि जनता ने राजद की नीतियों को पूरी तरह नकार दिया है. उन्होंने कहा बिहार की जनता ने राजद को हरा दिया है और उन्हें महज 25 सीटों पर लाकर बैठा दिया. सम्राट चौधरी ने इसे राजद के प्रति जनता के आक्रोश और अविश्वास का परिणाम बताया.
सम्राट चौधरी ने राज्य की कानून व्यवस्था पर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए बिहार पुलिस की कार्यक्षमता की प्रशंसा की. उन्होंने कहा बिहार पुलिस का डर अब केवल राज्य तक सीमित नहीं है. उन्होंने दावा किया कि बेंगलुरु में भी बिहार पुलिस की दबिश ऐसी है कि अपराधियों को ऑन एयर जाकर मदद की गुहार लगानी पड़ रही है. उन्होने कहा नीतीश सरकार में कानून का राज है और अपराधियों में पुलिस का खौफ बना हुआ है.
उपमुख्यमंत्री ने राजद के उन नेताओं औ र कार्यकर्ताओं पर भी कटाक्ष किया जो लंबे समय से पार्टी के साथ खड़े हुए हैं. उन्होंने कहा कि जो लोग राष्ट्रीय जनता दल में गुलामी करने के लिए बैठे हैं,वे अपनी मर्जी से ऐसा कर रहे हैं.