CPI नेता रामनरेश ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना : बोले-इंडस्ट्रियल डीजल की कीमत में बढ़ोतरी से बढ़ेगी महंगाई, सरकार बढ़ी हुई कीमतें वापस ले
पटना : भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव रामनरेश पाण्डेय ने प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में दो रुपये प्रति लीटर से ज्यादा और इंडस्ट्रियल डीजल की कीमतों में22रुपये प्रति लीटर बढ़ोतरी की निंदा की है. उन्होंने कहा इस बढ़ोतरी से महँगाई और बढ़ेगी. केन्द्र सरकार बढ़ी हुई कीमतें तत्काल प्रभाव से वापस ले.
भाकपा राज्य सचिव ने कहा कि सरकार का दावा है कि आम पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है. यह बात गुमराह करने वाली है. इंडस्ट्रियल डीजल की कीमत में22रुपये की बढ़ोतरी से इनपुट लागत और मैन्युफैक्चरिंग खर्च बढ़ जाएगा,जिससे जरूरी चीजों की कीमतों में भी लगातार बढ़ोतरी होगी. महंगाई हर घर पर असर डालेगी, आम लोगों पर बोझ बढ़ेगा. हम सरकार के इस कदम की निंदा करते हैं.
आम ईंधन की कीमतें अभी इसलिए नहीं बढ़ाई जा रही हैं,क्योंकि आने वाले समय में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं. चुनावों के बाद,यह बोझ भी लोगों पर ही डाल दिया जाएगा,ठीक वैसे ही जैसे बीजेपी ने एलपीजी के मामले में किया था. यह स्थिति मोदी सरकार की पूरी तरह से तैयारी की कमी को दिखाती है. जब दुनिया भर में तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी की आशंका को देखते हुए गंभीर योजना बनाने की जरूरत थी,तब प्रधानमंत्री इजरायल में सिर्फ फोटो खिंचवाने में व्यस्त थे. आज लोग इस नाकाम विदेश नीति और इन बेमतलब के दिखावों की कीमत चुका रहे हैं.
पटना से अंकिता की रिपोर्ट--