अरवल: बिहार के अरवल जिले से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आपत्तिजनकAI-निर्मित तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है. यह कार्रवाई दिल्ली पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से की है.
मामला अरवल जिले के कुर्था थाना क्षेत्र के मौलानाचक गांव का है,जहां पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी को पकड़ लिया है. पुलिस के मुताबिक,आरोपी ने फेसबुक पर प्रधानमंत्री की आपत्तिजनक तस्वीर पोस्ट की थी,जोAIतकनीक से तैयार की गई थी. यह तस्वीर तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गई,जिसके बाद दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल हरकत में आई.
जानकारी के अनुसार,इस मामले में नई दिल्ली के लोधी कॉलोनी स्थित स्पेशल सेल में पहले ही प्राथमिकी दर्ज की गई थी. आरोप है कि युवक ने एक नहीं बल्कि कई फर्जी आईडी के जरिए इस तरह की तस्वीरें पोस्ट कीं,जिससे लोगों को गुमराह करने और सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित करने की आशंका थी.
दिल्ली पुलिस की टीम ने अरवल पहुंचकर स्थानीय पुलिस के सहयोग से आरोपी को गिरफ्तार किया और उसे अपने साथ दिल्ली ले गई. आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं. साथ ही,सोशल मीडिया पर इस तरह के आपत्तिजनक कंटेंट को लेकर सख्ती बढ़ाने के संकेत भी दिए गए हैं.
संजय कुमार की रिपोर्ट--
