चतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई : देवचरण हत्याकांड का खुलासा,एक ही परिवार के चार गिरफ्तार
चतरा: हंटरगंज थाना क्षेत्र के सेलवार गांव में 28 जून को हुई देवचरण यादव हत्याकांड की गुत्थी चतरा पुलिस ने सुलझा दिया है. पुलिस ने महज दो दिनों के अंदर मामले का खुलासा करते हुए एक ही परिवार के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर केस में संलिप्त मृतक के भाई, भाभी, भतीजे और भतीजी को गिरफ्तार किया है.पुलिस के अनुसार जमीन विवाद और प्रेम प्रसंग में हत्याकांड को अंजाम दिया गया है.
देवचरण यादव का संदिग्ध परिस्थितियों में हुआ था शव बरामद
एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि 28 जून को सेलवार गांव निवासी देवचरण यादव का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ था. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच टीम का गठन किया है. घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, तकनीकी अनुसंधान तथा संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर पूरे मामले का खुलासा किया गया. जांच में सामने आया कि देवचरण यादव की हत्या गला दबाकर की गई थी. पुलिस ने इस मामले में मृतक के भाई कामदेव यादव, भाभी बिंदु देवी, भतीजे विकास यादव और भतीजी प्रियंका देवी को गिरफ्तार किया है.
प्रेम प्रसंग औरजमीन विवाद में दिया घटना को अंजाम
एसडीपीओ ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया है कि परिवार के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. इसके साथ ही प्रेम प्रसंग को लेकर भी परिवार में तनाव था. इन्हीं कारणों से तंग आकर साजिश रचकर देवचरण यादव की गला दबाकर हत्या कर दी गई.
मामले में अन्य पहलुओं पर भी जांच जारी
वहीं, एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है. मामले में अन्य पहलुओं पर भी जांच जारी है,ताकि यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी. एसडीपीओ ने बताया कि वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी साक्ष्य और पुलिस टीम की सतर्कता के कारण इस ब्लाइंड मर्डर केस का शीघ्र खुलासा संभव हो सका है. उन्होंने कहा कि जिले में गंभीर अपराधों पर त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.