Hindi News / 15 सितंबर तक फॉर्म-6 जमा करने की अपील

झारखंड में SIR में नाम जुड़वाने का आखिरी मौका : 15 सितंबर तक फॉर्म-6 जमा करने की अपील

Edited By:  |
jharkhand mein sir mein naam judwane ka akhiri mauka jharkhand mein sir mein naam judwane ka akhiri mauka

रांची: झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 जमा करने की अंतिम तारीख 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के.रवि कुमार ने पात्र भारतीय नागरिकों,खासकर 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं से समय रहते फॉर्म-6 और घोषणा पत्र जमा करने की अपील की है.

युवाओं से फॉर्म-6 और घोषणा पत्र जमा करने की अपील

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि जिन पात्र नागरिकों का नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे ECINET या संबंधित बीएलओ से संपर्क कर फॉर्म-6 भर सकते हैं. उन्होंने कहा कि अर्हता तिथि 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र भारतीय नागरिक भी 15 सितंबर तक फॉर्म-6 जमा कर अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाना सुनिश्चित करें.

फॉर्म-6 जमा नहीं करने परमतदाता सूची में नाम नहीं होगा शामिल

उन्होंने बताया कि SIR के तहत तैयार मतदाता सूची को स्थायी दस्तावेज के रूप में संधारित किया जाता है. समय पर फॉर्म-6 जमा नहीं करने पर वर्तमान SIR मतदाता सूची में नाम शामिल नहीं हो सकेगा. उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस सूची और पूर्व के SIR दस्तावेजों की मैपिंग का लाभ मतदाताओं और उनके बच्चों को मिल सकता है.

75 मतदान केंद्रों पर एक भी फॉर्म-6 नहीं

13 सितंबर 2026 तक प्राप्त आवेदनों की मतदान केंद्रवार समीक्षा में सामने आया कि झारखंड के कुल 31,892 मतदान केंद्रों में से 75 केंद्रों पर अभी तक एक भी फॉर्म-6 प्राप्त नहीं हुआ है. वहीं, 5,591 मतदान केंद्रों पर केवल 1 से 5 आवेदन मिले हैं.

इसके अलावा 8,618 केंद्रों पर 6 से 10, 11,329 केंद्रों पर 11 से 20, 4,076 केंद्रों पर 21 से 30 और 2,203 मतदान केंद्रों पर 30 से अधिक फॉर्म-6 प्राप्त हुए हैं.

रांची में सबसे ज्यादा शून्य आवेदन वाले केंद्र

शून्य फॉर्म-6 वाले मतदान केंद्रों में रांची जिले के 62 केंद्र शामिल हैं. विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों में कांके (अ.जा.) सबसे आगे है, जहां 52 मतदान केंद्रों पर अभी तक एक भी फॉर्म-6 प्राप्त नहीं हुआ है.वहीं,1 से 5 फॉर्म-6 वाले मतदान केंद्रों में रांची के 904, हजारीबाग के 628, गिरिडीह के 515, देवघर के 455 और चतरा के 369 केंद्र शामिल हैं.

राजनीतिक दलों से भी सहयोग की अपील

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से अपने BLA-2 को सक्रिय करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि BLA-2 अपने क्षेत्र के पात्र युवाओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित करें और ECINET या बीएलओ के माध्यम से फॉर्म-6 भरने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के निर्माण में राजनीतिक दल महत्वपूर्ण हितधारक हैं, इसलिए उनसे सक्रिय सहयोग अपेक्षित है।