चार दिन बाद पटना-गया रेलखंड पर परिचालन सामान्य : 10 मेमू ट्रेनें बहाल, पुनपुन पुल पर घटा जलस्तर, यात्रियों को मिली बड़ी राहत
Patna : पटना-गया रेलखंड पर चार दिनों से बाधित ट्रेन परिचालन बुधवार से फिर सामान्य हो गया. पुनपुन-पटना के बीच रेलवे पुल संख्या-21 पर जलस्तर बढ़ने के कारण इस रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित था. जलस्तर घटने के बाद रेलवे ने परिचालन बहाल कर दिया है.
गया से पटना और पटना से गया के बीच रद की गईं सभी 10 मेमू ट्रेनों का परिचालन फिर शुरू कर दिया गया है. ट्रेनों के नियमित परिचालन से इस रेलखंड पर रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिली है.
इसके साथ ही परिवर्तित मार्ग से चलाई जा रही पटना-हटिया कोसी एक्सप्रेस और बुद्ध पूर्णिमा एक्सप्रेस का परिचालन भी अब अपने निर्धारित मार्ग और समय के अनुसार शुरू हो गया है. इससे गया,पुनपुन और पटना के बीच आने-जाने वाले यात्रियों की परेशानी कम हुई है.
पिछले चार दिनों से रेल परिचालन प्रभावित होने के कारण दैनिक यात्रियों,नौकरी-पेशा लोगों और विद्यार्थियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. कई यात्रियों को वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ रहा था. ट्रेनों की सेवा बहाल होने के बाद अब यात्रियों को नियमित रेल सुविधा उपलब्ध होगी.
रेलवे पुल संख्या-21 पर बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर ट्रेनों के परिचालन को प्रभावित किया गया था. जलस्तर में कमी आने और स्थिति सामान्य होने के बाद ट्रेनों को निर्धारित मार्ग पर चलाने की अनुमति दी गई.
रेल परिचालन सामान्य होने से गया और पटना के बीच सफर करने वाले हजारों यात्रियों को राहत मिली है. खासकर रोजाना ट्रेन से यात्रा करने वाले कर्मचारी,छात्र और अन्य यात्रियों के लिए यह महत्वपूर्ण राहत मानी जा रही है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-