चान्हो मारपीट मामले पर राजनीति : BJP ने की कड़ी निंदा,प्रशासन और सरकार वर्ग विशेष के लिए कर रही काम-नीलकंठ सिंह मुंडा
रांची: जिले के चान्हो प्रखंड के कदमटोली में एक वर्ग विशेष द्वारा गांव के साहू परिवार के महिला पुरुष और 3 साल के मासूम बच्चे के साथ हुई मारपीट की घटना को भारतीय जनता पार्टी ने निंदनीय बताया है. पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा ने प्रदेश कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर घटना की घोर निंदा की. मारपीट की घटना के चार दिन बीत जाने के बाद भी दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर पार्टी ने सवाल उठाया है.
वर्ग विशेष पर संरक्षण देने का आरोप
नीलकंठ सिंह मुंडा ने कहा कि पुलिस प्रशासन और सरकार इस मामले में एक वर्ग विशेष के लिए काम कर रही है. घटना के संबंध में उन्होंने बताया कि पिछले 25 मई को खेत में पानी पटाने के मामूली से विवाद को लेकर एक वर्ग विशेष द्वारा एक परिवार के साथ मारपीट की थी. जिसमें एक शख्स का हाथ तक टूट गया था. यहां तक की तीन साल के बच्चे को आंगन में पटक कर चोटिल कर दिया गया था. यहां तक कि एक गर्भवती महिला को बुरी तरह से मारा गया था.
50 से 60 की संख्या में लोगों ने पीड़ित परिवार के साथ की थी मारपीट
इस पूरे मामले पर पार्टी का कहना है कि एक वर्ग विशेष द्वारा सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश की गई थी. घटना की गंभीरता को देखते हुए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष की ओर से एक कमेटी का गठन किया गया था, जिसने पीड़ित परिवार से मुलाकात की थी. प्रदेश उपाध्यक्ष ने बताया कि मामूली विवाद में 50 से 60 की संख्या में लोग पीड़ित परिवार के घर जाते हैं और उनके साथ मारपीट और अपशब्दों का प्रयोग करते हैं.
BJP ने पीड़ित साहू परिवार के लिए की न्याय की मांग
नीलकंठ सिंह मुंडा ने अंत में कहा कि इस पूरे मामले में भारतीय जनता पार्टी पीड़ित साहू परिवार के साथ खड़ी है. पार्टी इस घटना की निंदा करती है और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग करती है. उन्होंने कहा कि बीजेपी इस घटना को लेकर कानूनी लड़ाई लड़ेगी.