Hindi News / कुख्यात अपराधी संजय सिंह पटना स्टेशन से गिरफ्तार,हत्या,रंगदारी सहित कई गंभीर आरोप दर्ज

बिहार STF की बड़ी कार्रवाई : कुख्यात अपराधी संजय सिंह पटना स्टेशन से गिरफ्तार,हत्या,रंगदारी सहित कई गंभीर आरोप दर्ज

Edited By:  |
bihar stf ki karwai

BIHAR NEWS: बिहार एसटीएफ और पटना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है.पुलिस ने पांडव सेवा के कथित सरगना संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार कुख्यात अपराधी संजय सिंह,पटना का निवासी है. संजय सिंह का नाम बिहार के टॉप वांछित अपराधियों की सूची में शामिल रहा है. संजय सिंह लंबे समय से पुलिस की नजर में था और कई मामलों में वांछित होने के कारण फरार चल रहा था. उसकी गिरफ्तारी को राजधानी पटना में अपराध नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है.उस पर बिहार सहित अन्य राज्यों में हत्या, रंगदारी, नरसंहार, रंगदारी के लिए हत्या, अवैध खनन, भू-माफिया गतिविधियों और हथियारों से जुड़े कई गंभीर आरोप दर्ज हैं।

कुख्यात संजय सिंह पर दो दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार संजय सिंह के खिलाफ वर्ष 1996 से लेकर 2025 तक दो दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें मसौढ़ी, धनरुआ, पुनपुन, बिहटा, पत्रकार नगर, जहानाबाद, कृष्णापुरी, भागलपुर, सुल्तानगंज, हजारीबाग, रांची और झारखंड के अन्य थानों में दर्ज मामले शामिल हैं।

विभिन्न धाराओं में रहाअभियुक्त

उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या), 307 (हत्या का प्रयास), 364ए (अपहरण कर फिरौती), 386 और 387 (रंगदारी), 396 (डकैती के दौरान हत्या), 120बी (आपराधिक साजिश), 506 (धमकी), 354 (महिला उत्पीड़न) समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज हैं। इसके अलावा आर्म्स एक्ट, एससी-एसटी एक्ट, बिहार उत्पाद अधिनियम और हाल में लागू भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में भी वह अभियुक्त रहा है।

संजय सिंह का नाम कई चर्चित आपराधिक घटनाओं में शामिल

संजय सिंह का नाम कई चर्चित आपराधिक घटनाओं में सामने आया है। वह हत्या, रंगदारी व अवैध हथियारों के मामलों में लंबे समय से पुलिस के निशाने पर था। हाल के दिनों में वह बिहटा थाना कांड संख्या 672/25 में एके-47 बरामदगी मामले में भी वांछित चल रहा था।

पटना रेलवे स्टेशन से हुई गिरफ्तारी

एसटीएफ की कार्रवाई में पटना रेलवे स्टेशन से उसकी गिरफ्तारी हुई है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि उसकी गिरफ्तारी से कई पुराने मामलों, आपराधिक नेटवर्क, अवैध हथियारों की सप्लाई, रंगदारी गिरोह और संगठित अपराध से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं। पुलिस उसके अन्य आपराधिक मामलों और नेटवर्क की भी जांच कर रही है।