BIHAR NEWS : भ्रष्टाचारियों पर शिकंजा और कसा - राज्य में तीन नए निगरानी थाने खोलने की तैयारी

Edited By:  |
bihar news

पटना : निगरानी विभाग के अपर मुख्‍य सचिव‍ अरविंद कुमार चौधरी ने कहा कि बिहार को भ्रष्‍टाचार मुक्‍त बनाने की दिशा में तेजी से कार्य किए जा रहे हैं. इसी के तहत निगरानी अन्‍वेषण ब्‍यूरो की टीम बेहतर कार्य कर रही है. राज्‍य में शीघ्र तीन नए निगरानी थाने खुलेंगे. अररिया,पूर्णिया और कटिहार जिला में निगरानी थाना खोलने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है. केस की संख्‍या को देखते हुए राज्‍य में कोर्ट की संख्‍या बढ़ाने पर भी ध्‍यान दिया जा रहा है. एसीएस शुक्रवार को निगरानी अन्‍वेषण ब्‍यूरो के सभागार में आयोजित तृतीय सर्तकता सम्‍मान समारोह सह कार्यशाला को संबोधित करते हुए उक्‍त बातें कही.

समारोह का उद्घाटन अपर मुख्‍य सचिव चौधरी,निगरानी अन्‍वेषण ब्‍यूरो के महानिदेशक जितेंद्र सिंह गंगवार और पुलिस महानिरीक्षक गरिमा मल्लिक ने संयुक्‍त रूप से दीप प्रज्‍ज्‍वलित कर किया. इस समारोह में भ्रष्‍टाचार उन्‍मूलन में सहयोग करने वाले लोक अभियोजक,धावादल प्रभारी,परिवादी,अनुसंधानकर्ता और सत्‍यापनकर्ता को सम्‍मानित किया गया.

अपर मुख्‍य सचिव ने कहा कि नए आपराधिक कानून लागू हुए हैं,जिसमें अपेक्षा है कि तीन साल के अंदर कानूनी प्रक्रिया पूरी हो जाए. विभाग की अच्‍छी उपलब्धि रही है. पुराने परिवादों में भी तेजी आई है. इसके लिए महानिदेशक और उनकी पूरी टीम को बधाई. उन्‍होंने कहा कि लोगों के अंदर भरोसा कायम करना एक बड़ी बात है. इसमें निगरानी अन्‍वेषण ब्‍यूरो सफल रहा है. स्‍वागत भाषण करते हुए निगरानी के महानिदेशक गंगवार ने कहा कि यह विभाग लगातार अपनी ही रिकार्डों को तोड़ रहा है. लोगों की जागरूकता की वजह से लगातार केसों की संख्‍या बढ़ती जा रही है. शिकायत मिलने पर विभाग तीव्र गति से भ्रष्‍टाचारियों के विरुद्ध कार्रवाई कर रहा है. हम किसी को छोड़ते नहीं हैं. सभी सरकारी विभागों में भी कार्रवाई की जाती है. निगरानी थानों में जो केस दर्ज किए जा रहे हैं उसका भी स्‍पीडी ट्रायल कराया जाएगा. जो लोग ट्रैप कराने में रुपये दिए थे वह राशि उनके खातों में भेज दी गई है. धन्‍यवाद ज्ञापन पुलिस महानिरीक्षक ने किया. इस मौके पर डीआईजी निगरानी अन्‍वेषण ब्‍यूरो के सभी अधिकारी मौजूद थे.