Hindi News / पटना नगर निगम ने 19 सार्वजनिक शौचालयों के संचालन एवं रख-रखाव की जिम्मेदारी...

BIHAR NEWS : पटना नगर निगम ने 19 सार्वजनिक शौचालयों के संचालन एवं रख-रखाव की जिम्मेदारी सुलभ इंटरनेशनल को सौंपी

Edited By:  |
bihar news

पटना:शहरवासियों को स्वच्छ,सुलभ एवं बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में पटना नगर निगम ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सुलभ इंटरनेशनल सोशल सर्विस ऑर्गनाइजेशन के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं. इस समझौते के तहत पटना नगर निगम द्वारा निर्मित19आधुनिक सार्वजनिक शौचालयों (चकाचक पटना) के संचालन,प्रबंधन एवं दैनिक रख-रखाव की जिम्मेदारी सुलभ इंटरनेशनल को सौंपी गई है.

समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर महापौर सीता साहू,उप महापौर रेशमी चंद्रवंशी एवं सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ. इस अवसर पर नगर निगम एवं सुलभ इंटरनेशनल के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भाग लिया.

इस समझौते के तहत आम नागरिकों को इन सार्वजनिक शौचालयों की सुविधा पूर्णतः नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएगी. नागरिकों से किसी प्रकार का उपयोग शुल्क नहीं लिया जाएगा,जिससे शहर के सभी वर्गों को स्वच्छ एवं सुरक्षित शौचालय सुविधा का लाभ मिल सकेगा.

पटना नगर निगम एवं सुलभ इंटरनेशनल के बीच यह समझौता आगामी तीन वर्षों की अवधि के लिए किया गया है. समझौते के अनुसार निगम द्वारा प्रत्येक शौचालय के संचालन एवं रख-रखाव हेतु सुलभ इंटरनेशनल को प्रति माह44,000रुपये का भुगतान किया जाएगा. इसके अतिरिक्त संबंधित शौचालयों का बिजली बिल भी नगर निगम द्वारा वहन किया जाएगा.

सार्वजनिक सुविधाओं को अधिक प्रभावी एवं नागरिकों के अनुकूल बनाने के उद्देश्य से शौचालयों के संचालन का समय भी निर्धारित किया गया है. मार्च से सितंबर तक सभी शौचालय प्रतिदिन सुबह5:00बजे से रात्रि10:00बजे तक संचालित होंगे,जबकि अक्टूबर से फरवरी तक इनका संचालन सुबह6:00बजे से रात्रि9:00बजे तक किया जाएगा. वहीं यात्रियों एवं आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पटना जंक्शन गोलंबर के निकट स्थित सार्वजनिक शौचालय का संचालन24घंटे एवं सातों दिन (24×7)किया जाएगा.

इस अवसर पर महापौर ने कहा, "स्वच्छता एवं नागरिक सुविधाओं का विस्तार पटना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है. सुलभ इंटरनेशनल जैसे अनुभवी एवं प्रतिष्ठित संगठन के सहयोग से शहर में सार्वजनिक शौचालयों के बेहतर संचालन एवं रख-रखाव को सुनिश्चित किया जा सकेगा. इससे स्वच्छ पटना एवं स्वस्थ पटना के लक्ष्य को और मजबूती मिलेगी."

उप महापौर ने कहा, "यह पहल न केवल नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करेगी,बल्कि शहर में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छ वातावरण बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी."

हस्तांतरित सार्वजनिक शौचालयों की सूची

बांकीपुर प्रमंडल

1. कदमकुआं वेंडिंग जोन (वार्ड38)

2. रामपुर नहर (वार्ड47)

3. प्रेमचंद गोलंबर के पास (वार्ड46)

नूतन राजधानी प्रमंडल

1. विकास भवन (वार्ड9)

2. पटना चिड़ियाघर (वार्ड9)

3. एयरपोर्ट गोलंबर (वार्ड9)

4. वीरचंद पटेल पथ (वार्ड21)

5. पटना जंक्शन गोलंबर (वार्ड21)

6. बुद्ध मार्ग (वार्ड21)

7. पटना हाईकोर्ट (वार्ड21)

8. मल्टी लेवल कार पार्किंग के पास (वार्ड28)

पाटलिपुत्र प्रमंडल

1. राजापुर पुल (वार्ड22)

2. बिस्कोमान भवन (वार्ड27)

3. बोरिंग कैनाल रोड (वार्ड22)

कंकड़बाग प्रमंडल

1. मीठापुर फ्लाईओवर के नीचे (वार्ड29)

2. कंकड़बाग अंचल कार्यालय (वार्ड34)

3. भूतनाथ रोड पानी टंकी (वार्ड46)

पटना सिटी प्रमंडल

1. कैमासिका नया टोला (वार्ड67)

2. मालसलामी सब्जी मंडी (वार्ड70)

कार्यक्रम के दौरान सशक्त स्थायी समिति की माननीय सदस्य अनीता देवी (वार्ड-22),कुमार संजीत (वार्ड-34), मनोज कुमार (वार्ड-67)एवं राज कुमार गुप्ता (वार्ड-35),पटना नगर निगम के अपर नगर आयुक्त,उप नगर आयुक्त,मुख्य नगर अभियंता,निदेशक (शहरी विकास योजना) सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे. सुलभ इंटरनेशनल सोशल सर्विस ऑर्गनाइजेशन की ओर से मानद नियंत्रक जयप्रकाश झा,मानद उप नियंत्रक शिशिर झा,मानद सहायक नियंत्रक सतीश चंद्र झा एवं कोऑर्डिनेटर अमूल कुमार चौधरी ने कार्यक्रम में भाग लिया.

पटना से अंकिता की रिपोर्ट--