Hindi News / MLC के रुप में शपथ लेने के बाद निशांत कुमार ने अपने पिता...

BIHAR NEWS : MLC के रुप में शपथ लेने के बाद निशांत कुमार ने अपने पिता नीतीश कुमार से मिलकर लिया आशीर्वाद

Edited By:  |
bihar news

पटना : बिहार विधान परिषद के नवनिर्वाचित सदस्य एवं राज्य के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने बुधवार को विधान परिषद सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण की. शपथ लेने के बाद उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया. इस दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें जनसेवा और जनता के प्रति जवाबदेही के मूल मंत्र के साथ काम करने की प्रेरणा दी.

निशांत कुमार ने कहा कि शपथ ग्रहण के बाद उन्होंने अपने पिता से मार्गदर्शन प्राप्त किया. उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने उन्हें समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने की सीख दी. उन्होंने कहा कि बिहार के विकास और सुशासन का जो संकल्प नीतीश कुमार ने वर्षों पहले लिया था,उसी पथ पर वह मिशन भाव से आगे बढ़ेंगे.

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि उनकी प्राथमिकता राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करना,अस्पतालों में सुविधाओं का विस्तार करना तथा आम लोगों को बेहतर चिकित्सा उपलब्ध कराना है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगे.

उल्लेखनीय है कि हाल ही में बिहार विधान परिषद की 10 सीटों पर निर्विरोध निर्वाचित सदस्यों में निशांत कुमार भी शामिल हैं. शपथ ग्रहण के बाद उनकी सक्रिय राजनीतिक भूमिका और जनसेवा को लेकर चर्चाएं तेज हो गई है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--