Hindi News / पटना में वेतन और एरियर भुगतान को लेकर वाहन चालकों की हड़ताल, 1200...

BIHAR NEWS : पटना में वेतन और एरियर भुगतान को लेकर वाहन चालकों की हड़ताल, 1200 टन कचरा जमा

Edited By:  |
bihar news

Patna : पटना नगर निगम में कार्यरत करीब 2500 वाहन चालकों ने वेतन और बकाया एरियर भुगतान की मांग को लेकर मंगलवार को हड़ताल शुरू कर दी. चालकों के काम बंद करने से राजधानी की सफाई व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई है. नगर निगम के सभी कचरा वाहन यार्ड में खड़े रहे,जिसके कारण घर-घर से कचरा संग्रहण और शहर के विभिन्न इलाकों से कूड़ा उठाव का काम ठप पड़ गया.

हड़ताल का असर नगर निगम के सभी छह अंचलों—नूतन राजधानी,पाटलिपुत्र,कंकड़बाग,बांकीपुर,अजीमाबाद और पटना सिटी—में देखने को मिला. कचरा वाहन नहीं चलने से शहर में प्रतिदिन निकलने वाला लगभग 1200 टन कचरा जमा हो गया. कई इलाकों में कूड़े का अंबार लगने लगा है,जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

चालकों का आरोप है कि उन्हें मई महीने का वेतन अब तक नहीं मिला है. इसके अलावा अप्रैल 2025 से सितंबर 2025 तक का एरियर भी लंबित है. उनका कहना है कि समय पर वेतन नहीं मिलने से परिवार चलाने,बच्चों की पढ़ाई और अन्य घरेलू खर्चों का प्रबंधन करना मुश्किल हो गया है.

हड़ताली चालकों ने यह भी आरोप लगाया कि यदि किसी दिन वाहन खराब हो जाता है तो उस दिन उनकी उपस्थिति दर्ज नहीं की जाती,जिससे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है. उन्होंने इस व्यवस्था में सुधार की मांग भी की है.

चालकों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक वेतन और एरियर का भुगतान नहीं किया जाता,तब तक कचरा वाहनों का संचालन बंद रहेगा. वहीं,नगर निगम प्रशासन स्थिति सामान्य करने के प्रयास में जुटा है. यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो राजधानी में सफाई व्यवस्था और अधिक प्रभावित हो सकती है तथा स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी बढ़ सकती हैं.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--