BIHAR NEWS : कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने दानापुर के गोरगावा मंदिर में की पूजा, मेले का किया उद्घाटन
दानापुर : बिहार के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव गुरुवार को दानापुर स्थित प्रसिद्ध गोरगावा मंदिर पहुंचे. वहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर मां का आशीर्वाद लिया. इस दौरान उन्होंने मंदिर की विशेष धार्मिक महिमा के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी.
मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि गोरगावा मंदिर की एक अनोखी परंपरा है,जहां मंदिर के अंदर बिजली के बल्ब नहीं जलाए जाते हैं,बल्कि पूरे साल केवल घी के दीये ही प्रज्वलित होते हैं. यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है और श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बनी हुई है.
इस मौके पर उन्होंने वार्षिक मेले का उद्घाटन भी किया. उद्घाटन के बाद उन्होंने अपने बचपन की यादें साझा करते हुए बताया कि वे अपनी दादी के साथ इस मेले में आया करते थे. उन्होंने कहा कि इस मंदिर में दूर-दूर से श्रद्धालु मां के दर्शन के लिए पहुंचते हैं और यहां की आस्था लोगों को जोड़ती है.
मंदिर परिसर में मंत्री के आगमन को लेकर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा गया. मेले में सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद है.
दानापुर से अभय राज की रिपोर्ट-