BIHAR NEWS : महावीर कैंसर संस्थान में मरीज के घुटने के पीछे गंभीर ट्यूमर का सफल ऑपरेशन कर डॉक्टरों की टीम ने बचाया पैर
पटना:महावीर कैंसर संस्थान के चिकित्सकों ने मरीज के घुटने के पीछे के गंभीर ट्यूमर का सफल ऑपरेशन किया. टयूमर के ऑपरेशन के बाद मरीज की परेशानी दूर हो गई है. ट्यूमर की वजह से मरीज चलने में भी असमर्थ था.
महावीर कैंसर संस्थान में एक बार फिर बहुविषयक चिकित्सा टीम वर्क और उन्नत कैंसर उपचार का उत्कृष्ट उदाहरण देखने को मिला,जहां पॉपलिटियल फोसा (घुटने के पीछे) में स्थित जटिल सॉफ्ट टिश्यू ट्यूमर का सफलतापूर्वक उपचार कर मरीज का पैर बचाया गया. ट्यूमर मुख्य नसों एवं रक्त वाहिकाओं—पॉपलिटियल व पोस्टीरियर टिबियल वाहिकाओं तथा टिबियल नर्व—से अत्यंत घनिष्ठ रूप से जुड़ा हुआ था,जिससे सर्जरी बेहद चुनौतीपूर्ण बन गई थी. मरीज लंबे समय से असहनीय दर्द से पीड़ित था और कई स्थानों पर उपचार के बाद निराश होकर अंतिम उम्मीद के साथ महावीर कैंसर संस्थान पहुंचा.
मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉ. सूर्य प्रकाश ने विशेषज्ञ चिकित्सकों की बहुविषयक टीम के साथ विस्तृत योजना तैयार की. संस्थागत ट्यूमर बोर्ड में गहन चर्चा के बाद अंग संरक्षण के उद्देश्य से सर्जरी का निर्णय लिया गया. डॉ. राकेश मेहरा,डॉ. उदय कुमार एवं डॉ. सुमन कुमार वर्मा की रेडियोलॉजी टीम द्वारा प्री-ऑपरेटिव एम्बोलाइजेशन किया गया,जिससे ऑपरेशन के दौरान रक्तस्राव न्यूनतम रहा और ट्यूमर को सुरक्षित रूप से निकाला जा सका. इसके बाद डॉ. वरुण कश्यप ने टिबियल नर्व की सफल मरम्मत की तथा बिना सर्जिकल मार्जिन से समझौता किए मरीज का अंग सुरक्षित बचा लिया गया.
ऑपरेशन के बाद मरीज ने तेजी से स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया और वर्तमान में बिना किसी सहारे के चलने-फिरने में सक्षम है. इस सफलता पर निदेशक डॉ. विश्वजीत सान्याल,डॉ. मनीषा सिंह एवं डॉ. चिरंजीवी खंडेलवाल और डॉ. एलबी सिंह ने पूरी टीम को बधाई देते हुए इसे आधुनिक बहुविषयक कैंसर उपचार,सटीक योजना और समर्पित टीमवर्क की बड़ी उपलब्धि बताया.
पटना से अंकिता की रिपोर्ट-