Hindi News / पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पत्नी की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि, पुत्र निशांत...

BIHAR NEWS : पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पत्नी की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि, पुत्र निशांत कुमार के साथ किया नमन

Edited By:  |
bihar news

पटना : पूर्व सीएम नीतीश कुमार गुरुवार को पटना के कंकड़बाग स्थित मंजू सिन्हा पार्क पहुंचे. वहां उन्होंने अपनी दिवंगत पत्नी की पुण्यतिथि के मौके पर माल्यार्पण करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की. इस अवसर पर उदयकांत मिश्रा, नागरिक परिषद के महासचिव अरविंद कुमार उर्फ छोटू सिंह, हरेंद्र सिंह, परिवार के उनके सदस्य समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे. इस मौके पर माहौल भावुक दिखा. इसके बाद नीतीश कुमार अपने पैतृक गांव कल्याण बीघा गये और वहां पिताजी, माता जी एवं अपनी पत्नी की प्रतिमा पर माल्यार्पण की है.

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना में अपनी दिवंगत पत्नी को श्रद्धांजलि देने के बाद अपने पैतृक गांव कल्याण बिगहा पहुंचे. वहां उन्होंने अपने गांव में अपनी पत्नी स्वर्गीय मंजू सिन्हा की 19 वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी. नीतीश कुमार के साथ उनके पुत्र निशांत कुमार और भाई सतीश भी मौजूद रहे.

कल्याण बिगहा गांव पहुंचने के बाद पूर्व सीएम नीतीश कुमार और निशांत कुमार ने सबसे पहले स्थानीय देवी मंदिर में पूजा अर्चना की. इसके बाद वे राम लखन सिंह स्मृति वाटिका पहुंचे. वहां उन्होंने अपनी पत्नी स्वर्गीय मंजू देवी और अपने माता-पित की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी. इस भावुक क्षण के दौरान उनके बड़े भाई सतीश कुमार ,मंत्री श्रवण कुमार, नालंद के सांसद कौशलेंद्र कुमार और जिले के तमाम जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे.

नीतीश कुमार के गांव पहुंचने पर अपने नेता को करीब से देखने के लिए समृति वाटिका के बाहर कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों की काफी भीड़ लग गई. इस दौरान परिसर नीतीश कुमार जिंदाबाद के नारों से गूंज उठा. इस मौके पर पूर्व सीएम ने वहां मौजूद फरियादियों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुना और नालंदा के डीएम को आवेदन देकर समस्याओं को समाधान का निर्देश दिया.

श्रद्धांजलि सभा के बाद नीतीश कुमार और निशांत ने स्मृति वाटिका स्थित तालाब में मछलियों को दाना खिलाया. इसके बाद वे अपने पैतृक आवास पर गए. नीतीश कुमार वहां करीब 10 मिनट रुकने के बाद पटना के लिए रवाना हो गए. वहीं उनके पुत्र निशांत कुमार ने करीब आधे घंटे तक गांव में रुककर स्थानीय कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों से बातचीत किया.