Hindi News / बिहार समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं...

BIHAR NEWS : बिहार समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं दिव्यांगजन कल्याण पर विशेष जोर

Edited By:  |
bihar news

पटना : समाज कल्याण विभाग की मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता की अध्यक्षता में गुरुवार को समाज कल्याण निदेशालय, राज्य बाल संरक्षण समिति एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण निदेशालय के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई.

बैठक में समाज कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव एच. आर. श्रीनिवास,धर्मेंद्र कुमार,निदेशक,सामाजिक सुरक्षा कोषांग तथा योगेश कुमार सागर,निदेशक,दिव्यांगजन सशक्तिकरण निदेशालय सहित विभाग के सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.

समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री द्वारा विभागीय योजनाओं की प्रगति,संस्थागत कार्यप्रणाली,बच्चों के संरक्षण एवं दिव्यांगजन कल्याण से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. इस अवसर पर उन्होंने दत्तक ग्रहण के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने एवं उसके व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु विशेष पहल करने का निर्देश दिया.

बैठक में आफ्टरकेयर योजना को और अधिक सुदृढ़ बनाते हुए बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने हेतु गंभीरता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया. साथ ही सभी पदाधिकारियों को विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन,पारदर्शिता,समयबद्ध प्रगति तथा लाभार्थियों तक अधिकतम पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.

मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता एवं अपर मुख्य सचिव,समाज कल्याण विभाग एच. आर. श्रीनिवास द्वारा दिव्यांगजन सशक्तिकरण निदेशालय अंतर्गत संचालित राज्य एवं केंद्र प्रायोजित योजनाओं की भी समीक्षा की गई. इस क्रम में निर्देशित किया गया कि दिव्यांगजनों को प्रदान की जाने वाली सुविधाएं ससमय उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए.

बैठक में मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सशक्तिकरण छत्र योजना‘सम्बल’अंतर्गत बैट्री चालित ट्राईसाइकिल एवं अन्य सहायक उपकरणों के वितरण,दिव्यांगजन सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना,मुख्यमंत्री दिव्यांगजन उद्यमी योजना तथा निदेशालय अंतर्गत संचालित विशेष विद्यालयों एवं विशेष गृहों की भी समीक्षा की गई. इसके अतिरिक्त केंद्र प्रायोजित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए.

पटना से अंकिता की रिपोर्ट—