BIHAR NEWS : अर्थव्यवस्था के दमदार आंकड़ों ने राहुल गांधी के झूठ और भ्रम की राजनीति की खोली पोल - ऋतुराज सिन्हा
पटना:भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था के ताज़ा आंकड़ों ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की झूठ,भ्रम और निराशा फैलाने वाली राजनीति को करारा जवाब दिया है.
वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बावजूद भारत की 6.5 प्रतिशत जीडीपी वृद्धि यह साबित करती है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बना हुआ है.
सिन्हा ने कहा कि राहुल गांधी ने पिछले कई वर्षों से देश की अर्थव्यवस्था को लेकर लगातार गलत नैरेटिव गढ़ने का प्रयास किया है. लेकिन हर बार देश की उपलब्धियां उनके दावों को झूठा साबित कर देती हैं.
उन्होंने कहा कि चीन की विकास दर लगभग 4 प्रतिशत,अमेरिका की करीब 2 प्रतिशत और कई यूरोपीय देशों की औसत विकास दर 1 प्रतिशत के आसपास है. ऐसे समय में भारत का 6.5 प्रतिशत की दर से आगे बढ़ना इस बात का प्रमाण है कि मोदी सरकार की नीतियां मजबूत हैं और देश सही दिशा में आगे बढ़ रहा है.
सिन्हा ने कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध,वैश्विक आर्थिक संकट और अंतरराष्ट्रीय तनाव के हर दौर में राहुल गांधी ने भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर आशंकाएं जताईं. उन्होंने बार-बार यह माहौल बनाने की कोशिश की कि भारत आर्थिक रूप से कमजोर हो रहा है. लेकिन मोदी सरकार के मजबूत आर्थिक प्रबंधन ने हर चुनौती का सामना किया और भारत को दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था बनाए रखा. आज जीडीपी के आंकड़ों ने राहुल गांधी के हर झूठे दावे को ध्वस्त कर दिया है.
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस को यह समझना चाहिए कि सरकार का विरोध करना और भारत का विरोध करना,दोनों अलग-अलग बातें हैं. राजनीतिक विरोध के नाम पर देश की आर्थिक उपलब्धियों को नकारना,निवेशकों का भरोसा कमजोर करने वाले बयान देना और दुनिया के सामने भारत की नकारात्मक तस्वीर पेश करना केवल उनकी हताशा को दर्शाता है.
सिन्हा ने कहा कि रिकॉर्ड जीएसटी संग्रह,बढ़ता विदेशी निवेश,डिजिटल अर्थव्यवस्था का तेज विस्तार,तेजी से विकसित होता इंफ्रास्ट्रक्चर और लगातार मजबूत होती जीडीपी इस बात के प्रमाण हैं कि भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत बुनियाद पर आगे बढ़ रही है. इन उपलब्धियों ने राहुल गांधी के झूठे नैरेटिव और कांग्रेस के दुष्प्रचार की हवा निकाल दी है.
उन्होंने कहा कि देश की जनता अब राहुल गांधी की नकारात्मक राजनीति को पूरी तरह पहचान चुकी है. जनता विकास,सुशासन और निर्णायक नेतृत्व पर विश्वास करती है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है और राहुल गांधी का दुष्प्रचार इस यात्रा को रोक नहीं सकता.
पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट--