Hindi News / पटना जंक्शन मेट्रो निर्माण तेज, जंक्शन-डाकबंगला मार्ग पर बदला ट्रैफिक रूट

BIHAR NEWS : पटना जंक्शन मेट्रो निर्माण तेज, जंक्शन-डाकबंगला मार्ग पर बदला ट्रैफिक रूट

Edited By:  |
bihar news

Patna : पटना जंक्शन पर मेट्रो स्टेशन निर्माण कार्य को तेजी देने के लिए यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है. जंक्शन गोलंबर और डाकबंगला चौराहे के बीच मंगलवार देर रात से नई ट्रैफिक व्यवस्था लागू कर दी गई है. निर्माण कार्य के कारण मुख्य सड़क का हिस्सा प्रभावित होने के बाद वाहनों के आवागमन के लिए वैकल्पिक रास्ता तैयार किया गया है.

अब इस इलाके से गुजरने वाले वाहनों को बुद्ध स्मृति पार्क परिसर के भीतर बनाए गए वैकल्पिक मार्ग से होकर गुजरना होगा. प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट का ही इस्तेमाल करें, ताकि निर्माण कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और अनावश्यक जाम की स्थिति पैदा न हो.

नई व्यवस्था लागू करने से पहले पुलिस प्रशासन और मेट्रो परियोजना से जुड़े अधिकारियों की संयुक्त टीम ने मौके का निरीक्षण किया. पुलिस उपाधीक्षक यातायात चतुर्थ पौरुष अग्रवाल ने मेट्रो अधिकारियों के साथ बुद्ध स्मृति पार्क परिसर में बनाए गए वैकल्पिक मार्ग का जायजा लिया. इस दौरान सड़क की स्थिति, दिशा-निर्देशन संकेतों और सुरक्षा इंतजामों की जांच की गई.

अधिकारियों के निरीक्षण के बाद वैकल्पिक मार्ग को यातायात के लिए उपयुक्त पाया गया और रूट डायवर्जन लागू कर दिया गया. यातायात पुलिस अधीक्षक सागर झा ने कहा कि पटना जंक्शन मेट्रो स्टेशन का निर्माण महत्वपूर्ण चरण में पहुंच चुका है. इसी वजह से आसपास के क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए यह बदलाव जरूरी किया गया है.

प्रशासन ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और मेट्रो निर्माण में सहयोग करने की अपील की है. नए रूट पर संकेतकों का पालन करने से वाहन चालकों को जाम और परेशानी से बचने में मदद मिलेगी.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट—