Hindi News / उद्यमियों के लिए फायदेमंद साबित हो रहे “लीगल एवं कम्प्लायंस क्लीनिक”, राज्यभर में...

BIHAR NEWS : उद्यमियों के लिए फायदेमंद साबित हो रहे “लीगल एवं कम्प्लायंस क्लीनिक”, राज्यभर में करीब 3000 युवाओं ने दिखाई दिलचस्पी

Edited By:  |
bihar news

पटना : बिहार में उद्यमिता एवं नवाचार को मजबूत बनाने की दिशा में उद्योग विभाग, बिहार सरकार द्वारा आयोजित “लीगल एवं कम्प्लायंस क्लीनिक” श्रृंखला का राज्यभर में व्यापक सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला. 38 जिलों में आयोजित इन विशेष सत्रों के माध्यम से अब तक लगभग 3000 प्रतिभागियों को कानूनी, नियामकीय एवं बौद्धिक संपदा अधिकार (IPR) से संबंधित व्यवहारिक जानकारी प्रदान की गई.

इन क्लीनिक्स के दौरान विशेषज्ञों द्वारा स्टार्टअप्स को बिजनेस रजिस्ट्रेशन,प्रोप्राइटरशिप,पार्टनरशिप,कंपनी गठन,टैक्सेशन,जीएसटी,टीडीएस,वार्षिक अनुपालन,निवेश के लिए आवश्यक दस्तावेज,संस्थापकों के बीच एग्रीमेंट तथा बौद्धिक संपदा अधिकार (IPR)संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया.

कार्यक्रमों में कानूनी एवं अनुपालन विशेषज्ञों की सक्रिय भागीदारी ने स्टार्टअप्स को व्यवहारिक समाधान उपलब्ध कराए,जिससे उद्यमियों में नियामकीय प्रक्रियाओं को लेकर स्पष्टता और आत्मविश्वास बढ़ा है. विशेष रूप से कॉपीराइट,पेटेंट,डिजाइन रजिस्ट्रेशन एवं ब्रांड प्रोटेक्शन से संबंधित जानकारी को प्रतिभागियों द्वारा अत्यंत उपयोगी बताया गया.

इन सत्रों के माध्यम से स्टार्टअप्स को न केवल कानूनी दस्तावेजों एवं फाउंडर एग्रीमेंट्स की समझ विकसित हुई,बल्कि निवेश प्राप्त करने के लिए आवश्यक अनुपालन प्रक्रियाओं एवं इन्वेस्टमेंट रेडीनेस को लेकर भी जागरूकता बढ़ी.

राज्य में लगातार बढ़ती उद्यमिता गतिविधियों के बीच इन क्लीनिक्स ने यह स्पष्ट किया है कि बिहार के युवा अब केवल आइडिया आधारित स्टार्टअप्स तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे कानूनी, वित्तीय एवं अनुपालन संबंधी प्रक्रियाओं को समझते हुए टिकाऊ और निवेश योग्य उद्यम विकसित करने की दिशा में भी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं.