Hindi News / किसानों और उपभोक्ताओं के बीच महत्वपूर्ण कड़ी की तरह काम करता है सहकारिता...

BIHAR NEWS : किसानों और उपभोक्ताओं के बीच महत्वपूर्ण कड़ी की तरह काम करता है सहकारिता विभाग – मंत्री रामकृपाल यादव

Edited By:  |
bihar news

पटना : सहकारित विभाग के मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि बिहार राज्य भंडार निगम राज्य में खाद्य सुरक्षा व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है. खाद्यान्न, उर्वरक और अन्य आवश्यक वस्तुओं के वैज्ञानिक एवं सुरक्षित भंडारण में यह महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. यह किसानों के परिश्रम और उपभोक्ताओं के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करता है. मंत्री रामकृपाल यादव बुधवार को बिहार राज्य भंडार निगम के 15 नवनियुक्त कर्मियों को विकास भवन स्थित डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के सभागार में नियुक्ति पत्र वितरण कर रहे थे.

इस मौके पर उन्होंने कहा कि आज का दिन बिहार राज्य भंडार निगम के इतिहास में गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक दिन है. लंबे अरसे बाद बिहार राज्य भंडार निगम में नियमित नियुक्ति हो रही है. आज 15 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपा गया है.

मंत्री ने कहा कि 1958 के बाद पहली बार इसमें नियमित नियुक्ति की प्रक्रिया संपन्न हुई है. आज केवल युवाओं को नौकरी नहीं मिली है, बल्कि बिहार के किसानों, गरीबों और उपभोक्ताओं से जुड़े महत्वपूर्ण दायित्व निभाने का अवसर मिला है. उन्होंने नवनियुक्त कर्मियों से कहा कि आपकी जिम्मेदारी होगी कि पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें. यह नियुक्ति केंद्र और राज्य सरकार के नेतृत्व में चल रही रोजगार योजना और युवा सशक्तीकरण अभियान का हिस्सा है. यह युवाओं के विश्वास को मजबूत करने वाला कदम है. इस मौके पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल को 12 वर्ष पूर्ण होने पर बधाई और शुभकामनाएं दी.

सहकारिता विभाग के सचिव धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि बिहार राज्य भंडार निगम राज्य के भीतर भंडारण से संबंधित सभी जरूरतों को पूरा करता है. यह एफ.सी.आई.,कृषि और स्वास्थ्य विभाग सहित कई विभागों के लिए भंडारण से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य करता है. लगातार प्रयास से इसके कार्यों को बेहतर करने की कोशिश की जा रही है. आज के समय में संस्था का लाभ बढ़ा है. आने वाले समय में आई.बी.पी.एस. के माध्यम से नियुक्ति कर बिहार भंडार निगम में कर्मियों की कमी को पूरा किया जाएगा. भंडारण के आयाम बदल रहे हैं,राज्य में कोल्ड चेन और कोल्ड स्टोरेज की जरूरत है. इस तरह की जरूरतों को भी पूरा किया जाएगा.

बिहार राज्य भंडार निगम के प्रबंध निदेशक डॉ. गगन ने कहा कि बिहार राज्य भंडार निगम में सहायक,तकनीकी सहायक जैसे 11 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया चल रही है. अगले माह तक द्वितीय चरण में नियुक्ति प्रमाण पत्र का वितरण किया जाएगा.

वहीं इस मौके पर निबंधक सहयोग समितियां रजनीश कुमार सिंह,अपर सचिव अभय कुमार सिंह सहित विभाग के वरीय पदाधिकारी मौजूद थे.

पटना में आयोजित हुई थी प्रतियोगिता परीक्षा

बिहार राज्य भंडार निगम खाद्यान्न,उर्वरक,दवा एवं अधिसूचित वस्तुओं का वैज्ञानिक एवं सुरक्षित भंडारण करता है. निगम के अंतर्गत संचालित भंडारगृहों या केंद्रों में आरक्षित खाद्यान्नों के रख-रखाव की जरूरतों को पूरा करने के लिए मानव बल की जरूरत थी. इस जरूरत को पूरा करने के लिए आई.बी.पी.एस.,मुंबई के माध्यम से पी.सी.डी.ओ. के 15 पदों पर नियुक्ति के लिए प्रतियोगिता परीक्षा पटना में आयोजित हुई थी. इन कर्मियों की नियुक्ति पी.सी.डी.ओ. यानी पिउन-कम-डस्टिंग ऑपरेटर पद पर हुई है.

बिहार राज्य भंडार निगम, केंद्रीय भंडारण निगम एवं बिहार सरकार का एक संयुक्त लोक उपक्रम है, जो विशेष केंद्रीय विधान 'द वेयरहाउसिंग एक्ट, 1962' एवं तत्संबंधी नियमावली के अधीन संचालित है. यह बिहार सरकार की अधिसूचित राज्य भंडारण एजेंसी है.