BIHAR NEWS : रामविलास पासवान की जयंती 5 जुलाई को, LJP (रामविलास) ने शुरू की तैयारियां
पटना : लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के संस्थापक पूर्व केंद्रीय मंत्री पद्मभूषण स्वर्गीय रामविलास पासवान की जयंती समारोह आगामी 5 जुलाई को पार्टी की ओर से पूरे धूमधाम और श्रद्धापूर्वक आयोजित की जाएगी. इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने बुधवार को पार्टी के सभी प्रकोष्ठों अध्यक्षों और सभी विधायकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की.
बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष कार्यक्रम की भव्यता को लेकर खास तैयारी की जाएगी. पार्टी के बिहार प्रदेश कार्यालय में उनके कर्मभूमि हाजीपुर स्थित स्वर्गीय रामविलास स्मृति पार्क में और उनके पैतृक ग्राम शहरबनी में भव्य रूप से पद्म भूषण श्रद्धेय रामविलास पासवान जी की जयंती पूरे धूमधाम और पूरे हर्ष और उल्लास के साथ मनाया जाएगा.
इस कार्यक्रम को लेकर पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा राजधानी पटना समेत हाजीपुर और उनके पैतृक ग्राम शहरबनी में सड़कों पर पोस्टर और बैनर लगाया जाएगा. साथ ही जिला अध्यक्षों के नेतृत्व में सभी जिलों में जिला से संबंधित पदाधिकारी और वहां के स्थानीय नेताओं द्वारा जयंती समारोह आयोजित की जाएगी.
पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. राजेश भट्ट ने प्रेस को बताया कि उक्त बैठक में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष अशरफ अंसारी, गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री संजय सिंह, प्रदेश संयोजक वेद प्रकाश पांडे, विधायक मुरारी गौतम प्रकाश, चंद्र अरुण कुमार शाह, अमित कुमार रानू, संजय सिंह, मिथुन कुमार, बेबी देवी, विनीता मेहता, उदय सिंह पार्टी के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी हुलास पांडे, जितेंद्र यादव, विमल राजवंशी, सीमा सिंह, मोहम्मद कलीमुद्दीन, सुनील यादव, रानी कुमारी, प्रिंस मृणाल मौजूद थे.
पटना से अंकिता की रिपोर्ट--