BIHAR NEWS : सीएम सम्राट ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक, पटना मेट्रो निर्माण को लेकर दिए अहम निर्देश
पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में लोकसेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में पथ निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में पटना मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान नेहरू पथ (बेली रोड) पर यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और निर्बाध बनाए रखने को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई.
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि मेट्रो निर्माण की गति में कोई कमी नहीं आए, लेकिन इसके कारण आम लोगों को यातायात संबंधी परेशानी भी नहीं होनी चाहिए. उन्होंने अधिकारियों को कहा कि निर्माण कार्य के दौरान ट्रैफिक प्रबंधन की ठोस व्यवस्था पहले से तैयार की जाए.
बैठक में बताया गया कि नेहरू पथ पर यातायात व्यवस्था को मजबूत करने के लिए चिह्नित11स्ट्रेच का स्थल निरीक्षण किया जाएगा. निरीक्षण के बाद आवश्यकता के अनुसार सड़क चौड़ीकरण, जंक्शन सुधार, बॉटलनेक हटाने और अन्य सुधारात्मक कार्य किए जाएंगे.
मुख्यमंत्री ने संभावित प्रभावित स्थानों की पहचान कर पहले से वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए. साथ ही यातायात पुलिस, जिला प्रशासन, पथ निर्माण विभाग और मेट्रो निर्माण एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने को कहा गया.
बैठक में नेहरू पथ पर यातायात को व्यवस्थित रखने के लिए उपयुक्त वेंडिंग जोन चिह्नित करने पर भी चर्चा हुई. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि पटना मेट्रो राज्य की महत्वपूर्ण परियोजना है, लेकिन इसके साथ नागरिकों की सुविधा भी सरकार की प्राथमिकता है.
उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और आम जनता को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-