BIHAR NEWS : 500 मेगावाट रूफटॉप सोलर प्लांट से रोशन होंगे बिहार के सरकारी भवन, जल-जीवन-हरियाली अभियान को मिलेगी नई रफ्तार
पटना: मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में बुधवार को जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में बिहार के सरकारी एवं सरकार के अधीन आने वाले भवनों पर कुल500मेगावाट क्षमता के ग्रिड-कनेक्टेड रूफटॉप सोलर पावर प्लांट स्थापित करने की योजना पर चर्चा हुई. सरकार का उद्देश्य सरकारी भवनों में सौर ऊर्जा के इस्तेमाल को बढ़ावा देना और पारंपरिक बिजली पर निर्भरता कम करना है.

बैठक में रूफटॉप सोलर प्लांट की स्थापना के लिए आवश्यक प्रक्रिया, संभावित मॉडल और कार्यान्वयन की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया. इसके तहतRESCO मॉडल को भी महत्वपूर्ण विकल्प के रूप में देखा जा रहा है. इस मॉडल के माध्यम से सरकारी भवनों की छतों का उपयोग करते हुए सौर ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा दिया जा सकेगा.
500मेगावाट क्षमता की यह परियोजना बिहार में अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में एक बड़ा कदम मानी जा रही है. सरकारी भवनों पर बड़े पैमाने पर सोलर प्लांट लगने से बिजली की खपत और सरकारी संस्थानों के ऊर्जा खर्च को कम करने में मदद मिल सकती है. साथ ही, स्वच्छ ऊर्जा के इस्तेमाल से कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा.
जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत यह पहल राज्य में हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है. सरकार की कोशिश है कि सरकारी परिसरों को धीरे-धीरे सौर ऊर्जा से जोड़ा जाए और बिहार में नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग का दायरा बढ़ाया जाए. बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को योजना को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक कार्रवाई पर भी दिशा-निर्देश दिए गए.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--