धनबाद : 2.20 करोड़ के इनामी मिसिर बेसरा समेत तीन हार्डकोर नक्सली भेजे गए जेल
धनबाद: भाकपा (माओवादी) के पोलित ब्यूरो सदस्य और 2.20 करोड़ रुपये के इनामी मिसिर बेसरा उर्फ सागर समेत तीन हार्डकोर नक्सलियों की 14 दिनों की पुलिस रिमांड अवधि पूरी हो गई है. रिमांड अवधि खत्म होने के बाद बुधवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच तीनों को धनबाद लाया गया,जहां सदर अस्पताल में उनकी मेडिकल जांच कराई गई. इसके उपरांत पुलिस ने उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की कार्रवाई पूरी की.
रांची में केंद्रीय व राज्य एजेंसियों ने खंगाला नेटवर्क
विगत 31 जुलाई को रिमांड मिलने के बाद तीनों नक्सलियों को रांची ले जाया गया था। वहां राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA), इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) और झारखंड पुलिस ने लगभग 11 दिनों तक गहन पूछताछ की। इस दौरान माओवादी संगठन के देशव्यापी नेटवर्क, फंडिंग के स्रोतों, हथियारों की आपूर्ति प्रणाली तथा संगठन के मददगारों से जुड़े कई संवेदनशील एवं अहम सुराग जुटाए गए हैं।
लाखों-करोड़ों के इनामी हैं तीनों नक्सली
जेल भेजे गए नक्सलियों में मिसिर बेसरा के अलावा 15 लाख का इनामी मेहनत उर्फ मोछू (विभीषण) और गौरव उर्फ वीरेंद्र हांसदा (सौरभ) शामिल हैं.
अस्पताल में रही कड़ी सुरक्षा
मेडिकल जांच के दौरान सदर अस्पताल परिसर और आस-पास के क्षेत्रों को छावनी में तब्दील कर दिया गया था.किसी भी सुरक्षा चूक से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा. मेडिकल प्रक्रिया पूरी होते ही पुलिस टीम तीनों को कोर्ट में पेश कर जेल ले गई.





