चतरा : सर्राफा कारोबारी से लूट और फायरिंग मामले में तीन गिरफ्तार,हथियार और बाइक बरामद
चतरा: शहर के वशिष्ठ नगर थाना क्षेत्र में सर्राफा व्यवसायी से हुई मोबाइल और सोने की चेन लूट मामले का पुलिस ने 24 घंटे के अंदर उद्भेदन कर लिया है. वशिष्ठनगर जोरी पुलिस की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है. इनके पास से घटना में प्रयुक्त देशी कट्टा,कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद हुई है.
पुलिस उपाधीक्षक,मुख्यालय सुनील कुमार सिंह ने प्रेस कांन्फ्रेंस कर बताया कि विगत 07 अगस्त की रात जोरी स्थित सरस्वती ज्वेलर्स के मालिक मृत्युंजय कुमार वर्मा से अज्ञात अपराधियों ने कस्तूरबा विद्यालय प्रतापपुर मोड़ के पास लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था. इतना ही नहीं अपराधियों ने दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की थी. उन्होंने बताया कि घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी के निर्देश पर डीएसपी मुख्यालय नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया था. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के अंदर घटना में संलिप्त तीन अपराधियों को दबोच लिया.
डीएसपी मुख्यालय ने बताया कि घटना के बाद गठित टीम ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कई ठिकानों पर छापेमारी की. इसी क्रम में पुलिस ने जाल बिछाकर तीनों अपराधियों को धर दबोचा. डीएसपी मुख्यालय ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त अमित कुमार की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया अवैध हथियार और मोटरसाइकिल बरामद की गई है. इसके अलावा पुलिस ने घटनास्थल से भागने के क्रम में अपराधियों द्वारा छोड़ी गई चप्पल भी बरामद की है,जिसमें से एक जोड़ी चप्पल अमित कुमार की पाई गई. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अपराधी अमित कुमार हंटरगंज थाना क्षेत्र के परासिया गांव का रहने वाला है. टीम का नेतृत्व कर रहे डीएसपी मुख्यालय के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अमित कुमार का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है. उसके विरुद्ध चतरा के हंटरगंज थाना सहित बिहार के शेरघाटी और बहेरा ओपी क्षेत्र में भी दर्जनों मामले दर्ज हैं.
डीएसपी मुख्यालय ने बताया कि गिरोह में शामिल अन्य फरार अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी को लेकर नियमित छापेमारी अभियान चलाया जा रहा. उन्होंने बताया कि छापेमारी दल में पुलिस उपाधीक्षक,मुख्यालय के अलावे हंटरगंज इंस्पेक्टर विपिन कुमार,थाना प्रभारी जोरी अमित कुमार सिंह, एसआई शिवा यादव,एएसआई विजय कुमार समेत जोरी थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.





