Hindi News / बिहार के एक भी इंजीनियरिंग कॉलेज को NBA की मान्यता नहीं, छात्रों के...

BIHAR NEWS : बिहार के एक भी इंजीनियरिंग कॉलेज को NBA की मान्यता नहीं, छात्रों के भविष्य पर बढ़ी चिंता

Edited By:  |
bihar news

पटना :बिहार के तकनीकी शिक्षा क्षेत्र के लिए चिंता बढ़ाने वाली खबर सामने आई है. राज्य के एक भी इंजीनियरिंग कॉलेज को अभी तक नेशनल बोर्ड ऑफ एक्रिडिटेशन (NBA)की मान्यता प्राप्त नहीं हो सकी है. इसका सीधा असर यहां पढ़ने वाले हजारों इंजीनियरिंग छात्रों के शैक्षणिक और पेशेवर भविष्य पर पड़ सकता है.

विशेषज्ञों के अनुसार, NBAकी मान्यता किसी संस्थान में उपलब्ध शिक्षा की गुणवत्ता,शिक्षकों की क्षमता,प्रयोगशालाओं की व्यवस्था और पाठ्यक्रम के प्रभावी संचालन का महत्वपूर्ण प्रमाण मानी जाती है. जिन संस्थानों को यह मान्यता प्राप्त होती है,वहां के विद्यार्थियों को देश और विदेश में उच्च शिक्षा तथा रोजगार के बेहतर अवसर मिलते हैं.

बताया जा रहा है कि बिहार के कई इंजीनियरिंग कॉलेजों में योग्य शिक्षकों की कमी,आधुनिक प्रयोगशालाओं का अभाव और निर्धारित मानकों के अनुरूप आधारभूत सुविधाओं की कमी जैसी समस्याएं बनी हुई है. यही कारण है कि राज्य के संस्थानNBAके तय मानकों को पूरा नहीं कर पा रहे हैं.

विशेष रूप से विदेशों के विश्वविद्यालयों में उच्च शिक्षा के लिए आवेदन करने वाले छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. कई अंतरराष्ट्रीय संस्थान और कंपनियांNBAमान्यता प्राप्त संस्थानों के विद्यार्थियों को प्राथमिकता देती हैं. ऐसे में बिहार के छात्रों को अतिरिक्त चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है.

शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि राज्य सरकार और संबंधित संस्थानों को तकनीकी शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए ठोस कदम उठाने होंगे. शिक्षकों की नियुक्ति,बुनियादी ढांचे के विकास और मानकों के अनुरूप शैक्षणिक व्यवस्था सुनिश्चित कर ही बिहार के इंजीनियरिंग कॉलेजों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाया जा सकता है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--