BIG NEWS : भाजपा सांसद डॉ. संजय जायसवाल पर टिप्पणी मामले में प्रशांत किशोर को कोर्ट का नोटिस, पेश होने का निर्देश
बेतिया : जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही है. कोर्ट ने बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा सांसद Dr. Sanjay Jaiswal के खिलाफ कथित रूप से अनर्गल आरोप लगाने के मामले में उन्हें नोटिस भेज कर न्यायालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया है.
मामले की जानकारी देते हुए अधिवक्ता चंद्रिका कुशवाहा ने बताया कि चुनावी सभा के दौरान प्रशांत किशोर ने सांसद डॉ. संजय जायसवाल पर नगर निगम में डीजल चोरी और अपने पेट्रोल पंप को लाभ पहुंचाने के लिए ओवरब्रिज के एलाइनमेंट में बदलाव कराने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे. इन आरोपों को लेकर न्यायालय में वाद दायर किया गया था.
अधिवक्ता के अनुसार न्यायालय ने मामले की जांच और उपलब्ध तथ्यों पर विचार करने के बाद प्रशांत किशोर को नोटिस जारी किया है. उन्हें अदालत में उपस्थित होकर अपने आरोपों के समर्थन में जवाब और साक्ष्य प्रस्तुत करने को कहा गया है.
चंद्रिका कुशवाहा ने कहा कि यदि प्रशांत किशोर निर्धारित तिथि पर न्यायालय में उपस्थित नहीं होते हैं, तो कोर्ट उनके विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई कर सकती है. मामले को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई है.
बेतिया से दीपक कुमार की रिपोर्ट-





