BIHAR NEWS : मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने अधिकारियों के साथ की बैठक, लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन का दिया निर्देश
पटना:राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने पटना जिले के सभी 26 अंचलों के राजस्व कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त चेतावनी दी है.उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि अगले एक महीने के भीतर अंचलों की रैंकिंग में अपेक्षित सुधार नहीं दिखा तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.मंत्री ने कहा कि राजधानी में तैनात अधिकारियों की जिम्मेदारी अधिक है,इसलिए कार्यों में तेजी और पारदर्शिता लाना जरूरी है.
समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री ने निर्देश दिया कि दाखिल-खारिज,परिमार्जन प्लस,ई-मापी,सरकारी जमीन की पहचान,राजस्व महाअभियान और जन शिकायतों से जुड़े लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादन किया जाए.उन्होंने कहा कि मामलों के निपटारे में किसी भी प्रकार का "पिक एंड चूज" नहीं चलेगा और सभी निर्णय पूरी तरह नियम तथा मेरिट के आधार पर लिए जाएं.किसी भी प्रकार के दबाव या पैरवी में आकर गलत निर्णय लेने से बचने की हिदायत भी दी.
डॉ. जायसवाल ने अधिकारियों से कहा कि आम लोगों,खासकर गरीब परिवारों को अपने कार्यों के लिए सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़े.उन्होंने ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की अपील करते हुए अभियान बसेरा-2 के लक्ष्यों को हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिया.
बैठक में विभाग के सचिव जय सिंह ने सभी समयबद्ध सेवाओं को निर्धारित अवधि में पूरा करने पर जोर दिया,जबकि सचिव सीमा त्रिपाठी ने अंचलवार प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों को कम करने और रैंकिंग सुधारने के निर्देश दिए.शास्त्रीनगर स्थित राजस्व (सर्वे) प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित इस बैठक में पटना जिले के सभी 26 अंचलों के अंचल अधिकारी,राजस्व अधिकारी और विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-