BIHAR NEWS : मानसून की तैयारियों को लेकर बुडको एवं पटना नगर निगम की हुई संयुक्त समीक्षा बैठक
पटना:आगामी मानसून के मद्देनजर राजधानी पटना में जलजमाव की समस्या से प्रभावी ढंग से निपटने तथा नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव-सह-बुडको के प्रबंध निदेशक अनिमेष पराशर एवं पटना नगर निगम के नगर आयुक्त यशपाल मीणा की अध्यक्षता में सोमवार को संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई. मौर्य लोक परिसर स्थित मौर्य मंडपम में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में बुडको एवं पटना नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों, अभियंताओं तथा संबंधित पदाधिकारियों ने भाग लिया.
बैठक के दौरान मानसून पूर्व तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए दोनों अधिकारियों ने सभी संबंधित लाइन एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष बल दिया. उन्होंने निर्देश दिया कि शहर में जहां कहीं भी खुले गड्ढे, नाले अथवा मैनहोल हैं, वहां तत्काल प्रभाव से बैरिकेडिंग की जाए अथवा लाल झंडे लगाए जाएं, ताकि वर्षा के दौरान आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे.
बैठक में बुडको के प्रबंध निदेशक ने कहा कि विगत दिनों बुडको एवं पटना नगर निगम द्वारा संयुक्त रूप से फील्ड स्तर पर किए गए कार्यों के सकारात्मक परिणाम दिखाई देने लगे हैं. उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान नागरिकों को असुविधा ना हो, इसके लिए दोनों संस्थाओं को पूर्ण समन्वय एवं सक्रियता के साथ कार्य करना होगा. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जलनिकासी व्यवस्था को पूरी तरह सुचारु बनाए रखने के लिए सभी संप हाउस का तत्काल निरीक्षण किया जाए तथा वहां स्थापित पंपों एवं अन्य मशीनों की कार्यशीलता, इनलेट एवं आउटलेट की स्थिति तथा समग्र तकनीकी व्यवस्था का गहन परीक्षण सुनिश्चित किया जाए. साथ ही आवश्यकतानुसार मशीनों के रखरखाव एवं मरम्मत का कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए.
पटना नगर निगम के नगर आयुक्त ने सभी सफाई निरीक्षकों को अगले आदेश तक अपने-अपने वार्डों में निरंतर कैंप करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि प्रत्येक सफाई निरीक्षक के लिए24×7फील्ड मूवमेंट हेतु वाहन की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि वर्षा प्रारंभ होते ही वे तत्काल क्षेत्र में पहुंचकर जलनिकासी कार्यों की निगरानी कर सकें तथा किसी भी प्रकार की समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो सके.
नगर आयुक्त ने सभी कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण का कार्य दोनों पालियों में नियमित रूप से संचालित किया जाए. इसके अतिरिक्त सार्वजनिक स्थलों, मुख्य सड़कों, नालों एवं अन्य संवेदनशील क्षेत्रों की साफ-सफाई भी निरंतर कराई जाए, जिससे बारिश के दौरान जलनिकासी बाधित न हो. बैठक में इस बात को पुनः स्पष्ट रूप से दोहराया गया कि सक्षम प्राधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना किसी भी परिस्थिति में सड़कों की खुदाई नहीं की जाएगी. यदि कहीं अत्यंत आवश्यक परिस्थितियों में खुदाई की आवश्यकता हो तो निर्धारित प्रक्रिया एवं अनुमति प्राप्त करने के बाद ही कार्य किया जाएगा.
मानसून के दौरान जलनिकासी व्यवस्था की सतत निगरानी के लिए कंट्रोल रूम को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने का निर्णय लिया गया. इसके तहत स्वच्छता पदाधिकारियों एवं नगर प्रबंधकों की रोस्टर के आधार पर तैनाती की गई है. कंट्रोल रूम से तीन पालियों में कार्यरत क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT), सफाई कर्मियों, अभियंताओं एवं अन्य संबंधित पदाधिकारियों की लोकेशन तथा उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की निरंतर मॉनिटरिंग की जाएगी, ताकि किसी भी शिकायत अथवा आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.
बैठक में सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को यह भी स्पष्ट निर्देश दिया गया कि वे बिना किसी प्रकार के अनैतिक अथवा बाहरी दबाव के अपने दायित्वों का निष्पक्ष एवं प्रभावी ढंग से निर्वहन करें. यदि कोई व्यक्ति सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करता है अथवा जलनिकासी एवं सफाई कार्यों में व्यवधान डालने का प्रयास करता है तो उसके विरुद्ध विधि-सम्मत कार्रवाई करते हुए तत्काल प्राथमिकी दर्ज कराई जाए.
मानसून के दौरान संभावित वर्षाजनित बीमारियों की रोकथाम को भी बैठक में सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई. इसके लिए पूरे शहर में दो पालियों में नियमित रूप से फॉगिंग तथा एंटी-लार्वा रसायनों का छिड़काव कराने के निर्देश दिए गए, ताकि डेंगू, मलेरिया एवं अन्य संक्रामक बीमारियों के प्रसार को प्रभावी ढंग से रोका जा सके.
बैठक के अंत में सभी संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे आपसी समन्वय, त्वरित निर्णय क्षमता एवं सतत फील्ड मॉनिटरिंग के माध्यम से मानसून के दौरान राजधानीवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा जलजमाव एवं अन्य संभावित समस्याओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पूरी प्रतिबद्धता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें.
पटना से अंकिता की रिपोर्ट--