Hindi News / पटना में राजस्व सिस्टम को पारदर्शी बनाने की पहल, अधिकारियों को मिला विशेष...

BIHAR NEWS : पटना में राजस्व सिस्टम को पारदर्शी बनाने की पहल, अधिकारियों को मिला विशेष प्रशिक्षण

Edited By:  |
bihar news

पटना : राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के तत्वावधान में गुरुवार को पुराना सचिवालय स्थित अधिवेशन भवन में राज्यस्तरीय एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें उत्तर बिहार के सभी अंचल अधिकारी और प्रभारी अंचल अधिकारियों को नए कानूनों के बारे में प्रशिक्षण दिया गया.

इस कार्यशाला का आयोजन पटना उच्च न्यायालय द्वारा दिए गए न्याय निर्णय एवं नव नियुक्त अंचलाधिकारी एवं प्रभारी अंचलाधिकारी को प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से किया गया था. ताकि राजस्व प्रशासन को अधिक प्रभावी,पारदर्शी एवं जनहितकारी बनाया जा सके.

स्वागत भाषण से कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए अपर सचिव आजीव वत्सराज ने अंचल अधिकारियों की भूमिका को राजस्व प्रशासन की रीढ़ बताते हुए कार्यों के समयबद्ध निष्पादन पर बल दिया.

इस कार्यशाला में अंचल अधिकारियों द्वारा निष्पादित किए जाने वाले विभिन्न कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई. सेवानिवृत्त अपर सचिव विनोद कुमार झा ने विभिन्न राजस्व अधिनियमों एवं नियमावली से संबंधित विषयों पर विस्तृत और व्यावहारिक जानकारी साझा की. उन्होंने भूमि विवादों के त्वरित एवं निष्पक्ष निष्पादन,अंचल स्तर पर अभिलेखों के संधारण की सटीकता,दाखिल-खारिज एवं म्यूटेशन प्रक्रियाओं में पारदर्शिता तथा राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों के समयबद्ध निपटारे पर विशेष जोर दिया. उन्होंने इस दौरान आजादी के पूर्व से लेकर अभी तक के राजस्व प्रशासन की मौलिक जानकारी उपस्थित अधिकारियों को दी.

झा ने अपने अनुभवों के आधार पर यह भी बताया कि कानून की सही व्याख्या और प्रक्रियाओं के पालन से न केवल विवादों में कमी लाई जा सकती है,बल्कि आम जनता का प्रशासन पर विश्वास भी मजबूत होता है. उन्होंने अधिकारियों को सलाह दी कि वे प्रत्येक मामले में संवेदनशीलता,निष्पक्षता और जवाबदेही के साथ कार्य करें तथा अद्यतन नियमों एवं न्यायालयीन निर्णयों की जानकारी निरंतर रखते हुए निर्णय लें.

आईटी मैनेजर आनंद शंकर ने विभाग से संबंधित ऑनलाइन सेवाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग पर जोर दिया. उन्होंने दाखिल–खारिज,परिमार्जन और ई मापी की विस्तृत जानकारी प्रजेंटेशन के माध्यम से दी. वहीं अपर सचिव आजीव वत्सराज ने राजस्व प्रशासन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन दिया.

अवर सचिव दिनेश कुमार ने विभागीय महत्वपूर्ण परिपत्रों का विवेचन करते हुए उनके अनुपालन की आवश्यकता पर बल दिया. प्रशाखा पदाधिकारी शिवजी ने भू अर्जन की प्रक्रियाओं की जानकारी दी. कार्यक्रम के अंत में विशेष कार्य पदाधिकारी सुधा रानी ने धन्यवाद ज्ञापन किया.

इस मौके पर अपर सचिव डॉ. महेंद्र पाल, उप निदेशक मोना झा, विशेष कार्य पदाधिकारी मणिभूषण किशोर, सोनी कुमारी, सहायक निदेशक सह जनसंपर्क पदाधिकारी जूही कुमारी समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे.