Hindi News / पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप बनेगी आधुनिक शहरी विकास का मॉडल

BIHAR NEWS : पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप बनेगी आधुनिक शहरी विकास का मॉडल

Edited By:  |
bihar news

पटना: पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप के समग्र और सुनियोजित विकास को लेकर शुक्रवार को उच्चस्तरीय अंतर-विभागीय परामर्श बैठक आयोजित की गई। विकास आयुक्त, बिहार मिहिर कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में बिहार शहरी आयोजना एवं विकास बोर्ड के सदस्यों और संबंधित विभागों के वरीय अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक का आयोजन नगर विकास एवं आवास विभाग की ओर से किया गया।

बैठक में टाउनशिप की प्रारूप विकास योजना-2047 के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। विकास आयुक्त ने कहा कि तेजी से हो रहे शहरीकरण के बीच ग्रामीण क्षेत्र भी शहरी स्वरूप ले रहे हैं, लेकिन कई जगहों पर जरूरी सुविधाओं और आधारभूत संरचना का समानांतर विकास नहीं हो पा रहा है। ऐसे में ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप को सुनियोजित और सुविधायुक्त शहरी विकास के मॉडल के रूप में विकसित किया जा सकता है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रस्तावित टाउनशिप को केवल आवासीय परियोजना के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए। यहां आवास के साथ रोजगार, वाणिज्यिक गतिविधियां, शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन, मनोरंजन, हरित क्षेत्र और सार्वजनिक सुविधाओं का समन्वित विकास जरूरी होगा, ताकि लोगों को बुनियादी सेवाओं के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़े।

नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार ने प्रारूप विकास योजना-2047 की विस्तृत प्रस्तुति दी। इसमें क्षेत्रीय नियोजन, भूमि उपयोग, सामाजिक आधारभूत संरचना, ट्रांजिट-ओरिएंटेड डेवलपमेंट, आर्थिक विकास, पर्यावरण संरक्षण, ब्लू-ग्रीन इंफ्रास्ट्रक्चर, डिजिटल सुविधाओं और स्मार्ट शहरी प्रणालियों पर चर्चा हुई। चरणबद्ध कार्यान्वयन, निवेश रणनीति और शहरी डिजाइन दिशानिर्देश भी योजना का हिस्सा होंगे।