Hindi News / किसानों को राहत देने की तैयारी तेज, सिंचाई व्यवस्था मजबूत करने को सीएम...

BIHAR NEWS : किसानों को राहत देने की तैयारी तेज, सिंचाई व्यवस्था मजबूत करने को सीएम सम्राट चौधरी ने की बड़ी बैठक

Edited By:  |
bihar news

पटना : बिहार में गर्मी के मौसम और सिंचाई व्यवस्था को लेकर सरकार अब पूरी तरह सक्रिय नजर आ रही है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोक सेवक आवास में लघु जल संसाधन विभाग,पंचायतीराज विभाग और संबंधित अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की. बैठक में राज्य के किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने और राजकीय नलकूपों की व्यवस्था को दुरुस्त करने पर विस्तार से चर्चा हुई.

बैठक के दौरान सीएम सम्राट चौधरी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि राजकीय नलकूपों के रख-रखाव और संचालन की जिम्मेदारी जल संसाधन विभाग को सौंपी जाए,ताकि सिंचाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाया जा सके. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि गर्मी के मौसम में किसी भी हाल में ट्यूबवेल बंद नहीं रहने चाहिए और खेतों तक समय पर पानी पहुंचना सुनिश्चित किया जाए.

मुख्यमंत्री ने किसानों की परेशानियों को प्राथमिकता बताते हुए कहा कि सरकार खेती और सिंचाई व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है. उन्होंने इंजीनियरिंग सेल विकसित करने की दिशा में भी तैयारी शुरू करने के निर्देश दिए,जिससे तकनीकी स्तर पर निगरानी और रखरखाव बेहतर तरीके से किया जा सके.

बैठक में लघु जल संसाधन विभाग और पंचायतीराज विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि जिन क्षेत्रों में पानी की समस्या अधिक है,वहां विशेष निगरानी रखी जाए और जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जाए.

सरकार का मानना है कि मजबूत सिंचाई व्यवस्था से किसानों को बड़ी राहत मिलेगी और खेती की उत्पादकता भी बढ़ेगी.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-